बाइक चोरी करने वाले गैंग के पांच सदस्यों को ताजगंज पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की छह बाइक, छह चाबियां और 400 रुपये बरामद किए गए हैं। डीसीपी सिटी रविंद्र कुमार ने बताया कि उदय प्रताप सिंह, अजय उर्फ सोनू, उपदेश धाकरे, चंद्र उदय उर्फ आशू और हिमांशु को गिरफ्तार किया गया है।

सभी बरहन थाना क्षेत्र के नगला बेल निवासी हैं। आरोपी बाइक चोरी करने से पहले रेकी करते हैं। इसके बाद मास्टर चाबी से ताले खोलकर बाइक चोरी कर छिपा देते हैं। मौका मिलने पर सस्ते दामों में बेच देते थे। नगला मेवाती के पास से आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। बरामद बाइकों में एक फतेहाबाद रोड, दो ट्रांस यमुना क्षेत्र, दो मधुनगर चौराहे और एक बरहन के आंवलखेड़ा से चोरी की गई थीं।