उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश के औद्योगिक विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया है। सरकार ने “एक जिला एक इंडस्ट्रियल पार्क योजना” के तहत प्रदेश के सभी 75 जिलों में औद्योगिक पार्क स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

राज्य सरकार के प्रवक्ता के अनुसार, इस योजना के प्रथम चरण में 15 जिलों में इंडस्ट्रियल पार्क स्थापित किए जाएंगे। इनमें कानपुर नगर, कानपुर देहात, मिर्जापुर, बाराबंकी, अलीगढ़, फिरोजाबाद, प्रयागराज, रायबरेली, एटा, महोबा, उन्नाव और गोरखपुर प्रमुख रूप से शामिल हैं।

सरकार का कहना है कि इस योजना के तहत उद्योगपतियों को सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से सभी जरूरी अनुमतियां और सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी ताकि उद्योग लगाने की प्रक्रिया तेज और सुगम हो सके।

योजना के अंतर्गत फैक्ट्री लगाने के लिए जमीन, पूंजी और तैयार माल के विपणन में भी उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से प्राथमिकता के आधार पर सहायता प्रदान की जाएगी।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना को “सरदार पटेल औद्योगिक पार्क योजना” के नाम से प्रचारित किया जाएगा।

सरकार को उम्मीद है कि इस योजना के क्रियान्वयन से प्रदेश में हजारों नई फैक्ट्रियां स्थापित होंगी और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। यह पहल उत्तर प्रदेश को औद्योगिक दृष्टि से आत्मनिर्भर और निवेशकों के लिए आकर्षक गंतव्य बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो सकती है।