सीएम तक पहुंची शिकायत, जांच के आदेश, अफसर हटाए गए

कृषि विभाग के उप निदेशक कार्यालय में चल रही खींचतान और आरोप-प्रत्यारोप थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। उप निदेशक अभिनंदन सिंह के निलंबन के बाद अब प्रभारी उप निदेशक अमर पाल पर प्राकृतिक खेती योजना में बड़े पैमाने पर घपले-घोटाले के गंभीर आरोप लगे हैं। मामला मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचने के बाद शासन ने कृषि निदेशक को जांच कराने के निर्देश दिए हैं, जिससे विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।

सूत्रों के अनुसार शासन को भेजी गई शिकायत में दावा किया गया है कि प्राकृतिक खेती योजना के अंतर्गत आंवला और मीरगंज क्षेत्र में लगभग 1,650 एकड़ भूमि पर फर्जी खेती दर्शाकर 25 लाख रुपये से अधिक की सब्सिडी उन किसानों के खातों में भेजी गई, जिन्होंने कोई वास्तविक खेती नहीं की थी। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि प्रोत्साहन राशि जारी करने के बदले 20 से 50 प्रतिशत तक कमीशन की मांग की गई।

किसान मेले के टेंडर पर भी उठे सवाल

शिकायत में किसान मेलों के आयोजन को लेकर भी गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया गया है। बताया गया है कि ‘मां कल्याणी’ नामक फर्म को नियमों को दरकिनार कर टेंडर दिया गया, जिस पर आपत्ति उठने के बाद सीडीओ ने टेंडर निरस्त कर दिया। हालांकि, इस संबंध में सीडीओ देवयानी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।

अवकाश पर प्रभारी उप निदेशक

विवादों के बीच प्रभारी उप निदेशक अमर पाल पिछले 12–13 दिनों से अवकाश पर हैं। उन्होंने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि जिले में कुछ कर्मचारी ऐसे हैं जो किसी भी उप निदेशक को काम नहीं करने देते। उनका दावा है कि उन्होंने कोई नया टेंडर नहीं कराया और जो भी प्रक्रिया हुई, वह पूर्व की थी।

लिपिक को भेजा गया कानूनी नोटिस

मामला और तूल पकड़ता जा रहा है। विषय वस्तु विशेषज्ञ मुनेंद्र कुमार सैनी की ओर से अधिवक्ता प्रदीप कुमार उपाध्याय ने 16 दिसंबर को उप निदेशक कार्यालय के लिपिक सुनील कुमार को कानूनी नोटिस भेजा है। नोटिस में पूछा गया है कि उप निदेशक के नाम से डीएम को भेजा गया पत्र किसके आदेश पर और किसकी अनुमति से लिखा गया। तीन बिंदुओं पर जवाब मांगते हुए 15 दिन की समय-सीमा तय की गई है।

बरेली को मिला नया उप निदेशक कृषि

लगातार विवादों और कार्रवाई के बीच शासन ने बरेली के लिए नए उप निदेशक कृषि की तैनाती के आदेश जारी कर दिए हैं। संयुक्त सचिव लाल बहादुर यादव द्वारा जारी आदेश के अनुसार हिमांशु पांडेय को उप निदेशक कृषि नियुक्त किया गया है। वह 16 दिसंबर को जौनपुर से स्थानांतरित होकर आए हैं, हालांकि अभी उन्होंने कार्यभार ग्रहण नहीं किया है।