नई दिल्ली: जेनसन हुआंग कुछ दिनों पहले तक पश्चाताप करते दिख रहे थे, जब उन्होंने अपने परिवार और Nvidia के कर्मचारियों से माफी मांगी। उन्हें एक विलेन के रूप में देखा जा रहा था, जिसने पद का गलत इस्तेमाल किया और अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डाला। अब वही हुआंग अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की अंगुली पकड़ कर किसी हीरो की तरह वापसी कर चुके हैं।

उनके लौटने का जश्न बाजार तक ने मनाया। इसे उद्योग जगत के इतिहास के सबसे नाटकीय यू-टर्न में से एक माना जा रहा है, लेकिन इससे जुड़े कई सवाल भी हैं।ट्रंप ने दिया साथ: चौतरफा पड़ रहे दबावों के बाद हुआंग ने इसी महीने की 12 तारीख को कंपनी के CEO पद से इस्तीफा दिया था। उनकी जगह जिम्मेदारी संभालने वाले हार्वे जोन्स ने तब कहा था कि हुआंग का आचरण कंपनी के नियमों और संस्कृति के खिलाफ रहा है और उनकी वापसी नहीं होगी।

अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट का रुख भी यही था। लेकिन, दो हफ्ते से भी कम समय में हालात बदल गए और ट्रंप ने बिल्कुल भी नहीं छिपाया कि इसके पीछे वह हैं।बेजा दखल: ट्रंप ने सार्वजनिक रूप से हुआंग की वकालत की है। कंपनी के कामकाज में सीधे दखल के लिए उनकी आलोचना हो रही है, जो होनी भी चाहिए। और खासकर जब उसी कंपनी के शेयर उन्होंने खरीद रखे हों और उससे मुनाफा कमाया हो।

पर, अचानक फैसला पलट जाना Nvidia बोर्ड की स्वायत्ता पर भी संदेह खड़ा करता है। क्या वह स्वतंत्र रूप से काम कर रहा है?नियमों से खिलवाड़: किसी भी संस्थान के भीतर किसी भी पद को नियमों और जवाबदेही से ऊपर नहीं माना जा सकता। फिर यहां मामला राष्ट्रीय सुरक्षा का भी है। दिलचस्प है कि जांच अभी तक पूरी नहीं हुई है, लेकिन अमेरिकी सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने कंपनी के बोर्ड को बता दिया कि हुआंग के वापस आने से राष्ट्रीय सुरक्षा पर कोई खतरा नहीं होगा!बाजार का दबाव: दरअसल अब यह सारी प्रतिक्रिया लीपापोती वाली है।

गिरते बाजार के दबाव ने ट्रंप और एनवीडिया को हुआंग के साथ खड़े होने के लिए मजबूर किया है। लेकिन, इससे यह चिंता भी उठनी चाहिए कि इतनी बड़ी AI कंपनी एक चेहरे पर इस हद तक निर्भर है कि उसके लिए नियम-कायदों को ताक पर रखने से भी परहेज नहीं किया जा रहा। जब शीर्ष स्तर पर इस तरह की छूट मिल रही हो, तो निचले स्तर पर ईमानदारी और प्रतिबद्धता की उम्मीद कैसे की जा सकती है।