पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के छोटे भाई स्वपन बनर्जी ने गुरुवार को पुलिस से संपर्क कर अपने भतीजे और ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज (FIR) करने की मांग की। उन्होंने अभिषेक पर रक्तदान शिविर में बाधा डालने और धमकाने का आरोप लगाया।
बाबुन के उपनाम से जाने जाने वाले स्वप्न बनर्जी ने दावा किया कि राज्य में तृणमूल के 15 साल के शासन के दौरान धमकाने और डराने की संस्कृति जड़ें जमा चुकी थी, जो इस साल मई में भाजपा के सत्ता में आने के बाद भी जारी रही। उन्होंने कहा कि वह 2024 से ऐसी घटनाओं के गवाह रहे हैं।कालीघाट पुलिस थाने पहुंचने के बाद उन्होंने संवाददाताओं को बताया, तृणमूल के शासन के दौरान कई घटनाएं हुईं।
यह सिलसिला 2024 से जारी है और आज भी बरकरार है। सरकारी कामकाज में बाधा डालने, क्लबों पर जबरन कब्जा करने और धमकाने की घटनाएं हुई हैं। मैं कितना कुछ बताऊं? मैंने बहुत कुछ सहन किया है। इन आरोपों पर अभिषेक बनर्जी की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।पुलिस में शिकायत की तात्कालिक वजह कथित तौर पर रक्तदान शिविर में बाधा डालने की घटना थी।
हालांकि, घटना का विस्तृत ब्योरा और ममता तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव के खिलाफ लगाए गए विशिष्ट आरोपों की जानकारी तत्काल उपलब्ध नहीं हो सकी। इस ताजा घटनाक्रम से बाबुन और ममता बनर्जी के बीच लंबे समय से चले आ रहे मनमुटाव में एक नया मोड़ आ गया है। ममता बनर्जी ने एक समय सार्वजनिक रूप से अपने छोटे भाई से दूरी बना ली थी और यहां तक कहा था कि उन्होंने उनसे सभी संबंध तोड़ लिए हैं।पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद परिवार के भीतर का यह विवाद राजनीतिक रंग ले चुका है।
भाजपा की जीत के साथ ही राज्य में तृणमूल का लगातार 15 साल से चला आ रहा शासन समाप्त हो गया। सत्ता परिवर्तन के बाद से बाबुन की भाजपा नेतृत्व के साथ नजदीकी नजर आ रही है। वह लगातार मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की प्रशंसा भी करते रहे हैं।हाल ही में उन्होंने अपने इलाके में आयोजित सामुदायिक <a class=backlink target=_blank href=https://www.livehindustan.com/astrology/gooddess-durga data-vars-anchor-text=दुर्गा data-vars-link-type=Auto data-vars-page-type=story>दुर्गा पूजा के उद्घाटन के लिए शुभेंदु को आमंत्रित किया था।
इस कार्यक्रम में वह सम्मान स्वरूप मुख्यमंत्री के पैर छूते हुए भी नजर आए थे। शुभेंदु के प्रति उनकी बार-बार सार्वजनिक रूप से प्रशंसा की अभिव्यक्तियों ने उनके राजनीतिक झुकाव और भाजपा की ओर संभावित रुख करने को लेकर अटकलों को हवा दी है। बाबुन ने हालांकि भाजपा में शामिल होने के किसी औपचारिक फैसले की सार्वजनिक रूप से घोषणा नहीं की है।