देश की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस पिछले कुछ महीनों से SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सदन से लेकर सड़क तक संग्राम करती रही है, उसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ पार्टी के एक वरिष्ठ नेता फोटो खिंचवाते दिखे। अब उनका यह फोटो शूट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और कांग्रेस नेता की खिल्ली उड़ रही है।

दरअसल, मध्य प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय सिंह की CEC ज्ञानेश कुमार के साथ एक तस्वीर सामने आई है। ये तस्वीर भोपाल में एक निजी शादी समारोह की है।बता दें कि कांग्रेस पार्टी ने बार-बार ज्ञानेश कुमार पर मतदाता सूची में हेरफेर करने और वोट चोरी करने आरोप लगाए हैं और चुनाव आयोग की मर्यादा को तार-तार करने के आरोप लगाए हैं।

पार्टी नेता राहुल गांधी भी कई प्रेस कॉन्फ्रेन्स कर चुके हैं और वोट चोरी के मुद्दे पर राजधानी दिल्ली में आंदोलन कर चुके हैं। यहां तक कि सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा भी खटखटा चुके हैं। एक दिन पहले ही सभी राज्यों की राजधानियों में भी कांग्रेस नेताओं ने SIR में कथित अनियमितता के खिलाफ और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर अपना अभियान चलाया है।कहां हुई मुलाकात?बड़ी बात यह है कि अजय सिंह ने शादी समारोह की ये तस्वीर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट की थी, जिसमें वह ज्ञानेश कुमार और राज्य विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के साथ नजर आ रहे हैं।

दरअसल, यह मुलाकात वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपेंद्र जैन के बेटे की शादी के रिसेप्शन में हुई। अजय सिंह ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि वे उपेंद्र जैन को करीब 40 वर्षों से जानते हैं और वे वहां एक मेहमान के तौर पर शामिल हुए थे। उन्हें पहले से इस बात की जानकारी नहीं थी कि वहां ज्ञानेश कुमार भी मौजूद होंगे। उपेंद्र जैन, ज्ञानेश कुमार के भतीजे हैं।

अजय सिंह ने कहा कि ज्ञानेश कुमार से उनकी मुलाकात महज एक संयोग थी।उनसे कोई बातचीत नहींअजय सिंह ने कहा, मैं कार्यक्रम स्थल, 'पुलिस ऑफिसर्स मेस' में पहुंचा। वहां विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर जी खड़े थे। उपेंद्र जैन और उनकी पत्नी भी वहीं मौजूद थे, और उनके साथ कोई और भी था। उन्होंने मुझसे किसी का परिचय नहीं कराया।

हम जाकर सोफे पर बैठ गए, क्योंकि दूल्हा-दुल्हन अभी तक मंच (डाइस) पर नहीं पहुंचे थे। जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने ज्ञानेश कुमार से कोई बातचीत की, तो उन्होंने इससे इनकार किया। उन्होंने कहा, “अगर उस तस्वीर को देखकर यह चर्चा हो रही है कि हमारी ज्ञानेश कुमार से कोई बातचीत हुई है, तो मुझे यह स्पष्ट तौर पर रहना है कि उनसे हमारी कोई बातचीत नहीं हुई।”कौन हैं अजय सिंह?अजय सिंह राहुल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और मध्य प्रदेश के भूतपूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के बेटे हैं।

वह राज्य के सबसे प्रभावशाली राजनीतिक परिवार से आते हैं। वे सीधी जिले के चुरहट से आते हैं, जो उनके परिवार का पारंपरिक गढ़ रहा है। वह चुरहट विधानसभा सीट से सातवीं बार विधायक चुने गए हैं। वह मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी रह चुके हैं।होटल से एयरपोर्ट तक खाली हाथ भटके कार्यकर्ताकांग्रेस नेताओं को जब बुधवार दोपहर लगभग 4 बजे CEC ज्ञानेश कुमार के भोपाल में होने की जानकारी मिली तो यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई (NSUI) के कार्यकर्ता पुतला लेकर उस होटल की ओर दौड़े जहां उनके ठहरने की खबर थी।

हालांकि, कार्यकर्ताओं के पहुंचने से पहले ही सीईसी एयरपोर्ट के लिए रवाना हो चुके थे। इसके बाद कार्यकर्ता एयरपोर्ट भी पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी फ्लाइट उड़ान भर चुकी थी। यह प्रदर्शन आखिरकार प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) कार्यालय के बाहर सीईसी का पुतला फूंक कर समाप्त हुआ। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी प्रदर्शन से नदारद रहे।

कांग्रेस प्रवक्ता मुकेश नायक ने स्वीकार किया कि पार्टी को सीईसी के आगमन की पूर्व सूचना नहीं थी। उन्होंने कहा कि यदि जानकारी पहले मिलती, तो हजारों कार्यकर्ता उन्हें भोपाल में प्रवेश नहीं करने देते।