अहील्यानगर (महाराष्ट्र)। मुरुगप्पा समूह की कंपनी कोरमंडल इंटरनेशनल ने किसानों को कृषि समाधान उपलब्ध कराने की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कंपनी ने महाराष्ट्र के अहील्यानगर जिले के कश्‍टी गांव में अपना 1000वां ‘ग्रोमोर’ रिटेल स्टोर उद्घाटित किया।

कोरमंडल ने वर्ष 2007 में माय ग्रोमोर ब्रांड के तहत ग्रामीण रिटेल सेंटर्स की शुरुआत की थी, जिससे दक्षिणी राज्यों के किसानों को कृषि इनपुट्स और सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही थीं। धीरे-धीरे नेटवर्क का विस्तार करते हुए कंपनी ने महाराष्ट्र में भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई और अब 1000वें स्टोर का शुभारंभ किया है।

कंपनी का लक्ष्य अगले दो वर्षों में अपने नेटवर्क को दोगुना करना है। फिलहाल कोरमंडल का रिटेल नेटवर्क 766 ‘मना ग्रोमोर’ (आंध्र प्रदेश व तेलंगाना), 195 ‘नम्मा ग्रोमोर’ (कर्नाटक), 23 ‘नमदु ग्रोमोर’ (तमिलनाडु) और 16 ‘अपला ग्रोमोर’ (महाराष्ट्र) स्टोर्स तक फैला हुआ है।

इन आउटलेट्स को 5,000 से अधिक विशेषज्ञ कर्मचारियों की टीम संभालती है, जो किसानों के साथ प्रतिदिन संवाद कर उनके लिए कृषि विस्तार गतिविधियाँ संचालित करती है।

कोरमंडल इंटरनेशनल के कार्यकारी अध्यक्ष अरुण अळगप्पन ने कहा, “माय ग्रोमोर सेंटर किसानों के विश्वसनीय साझेदार बन चुके हैं, जो पर्यावरण के अनुकूल कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण कृषि इनपुट्स, नई तकनीक और व्यक्तिगत सलाह उपलब्ध कराते हैं। इससे उत्पादकता और किसानों की आजीविका में सुधार हो रहा है।”

कंपनी जल्द ही पुणे जिले में 20 नए ग्रोमोर स्टोर खोलने की योजना बना रही है, जिनमें से पांच कश्‍टी क्षेत्र के आसपास होंगे।