पश्चिम बंगाल के अपराध जांच विभाग (CID) ने शनिवार को एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है, जो खुद को राज्य के मंत्री खुदीराम टुडू बताकर चल रही स्कूल सेवा आयोग (SSC) की भर्ती प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा था। आरोपी ने इसके लिए कई लोगों को व्हाट्सएप मैसेज भी भेजे थे।गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर 24 परगना जिले के देगंगा निवासी जुल्फिकार अली के रूप में हुई है।

एसएससी सचिव की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के बाद विधाननगर पूर्व थाने से जांच अपने हाथ में लेते हुए सीआईडी ने यह गिरफ्तारी की। अदालत ने आरोपी को पांच दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।लगातार तीन दिन तक भेजे थे मैसेज, पैसों के लेन-देन की भी जांचसीआईडी के DG नटराजन रमेशबाबू ने कहा, हम व्हाट्सएप मैसेज और मामले से जुड़ी अन्य जानकारियों की जांच कर रहे हैं।

चूंकि जांच अभी शुरुआती चरण में है, इसलिए इस समय ज्यादा विवरण साझा करना संभव नहीं होगा।सीआईडी सूत्रों के मुताबिक, जुल्फिकार अली ने खुद को मंत्री बताते हुए लगातार तीन दिनों तक कई लोगों को मैसेज भेजे और भर्ती प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया। जांच अधिकारी अब इस बात की पड़ताल कर रहे हैं कि क्या इन संदेशों में किसी विशेष उम्मीदवार, अंकों या दस्तावेजों का जिक्र किया गया था और क्या इस सिलसिले में पैसों का कोई लेन-देन हुआ है।

इसके अलावा यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने यह काम अकेले किया या उसके साथ कोई और भी शामिल था।मंत्री के व्हाट्सएप हैकिंग मामले से भी जुड़ रहे तारइस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री खुदीराम टुडू ने अपनी पहचान का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है और पुलिस से दोषियों को सजा दिलाने का आग्रह किया है।गौरतलब है कि यह गिरफ्तारी मंत्री की ओर से पुलिस में दर्ज कराई गई उस शिकायत के कुछ हफ्तों बाद हुई है, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि उनका व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर लिया गया है और उसके जरिए लोगों से पैसे मांगने वाले संदेश भेजे जा रहे हैं।

सीआईडी के एक अन्य सूत्र ने बताया कि जांच एजेंसी अब इस पहलू की भी तफ्तीश कर रही है कि क्या ये दोनों घटनाएं आपस में जुड़ी हुई हैं।