जिले में कृषि विभाग ने उर्वरक व बीज की बिक्री में सख्ती बढ़ाते हुए स्पष्ट किया है कि कोई भी दुकानदार निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर खाद नहीं बेच सकेगा। डीएपी की कीमत ₹1350 प्रति 50 किलो बोरी तथा यूरिया ₹266.50 प्रति 45 किलो बोरी तय की गई है। किसानों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा गया है कि यदि कहीं भी अधिक दाम वसूले जा रहे हों तो वे सीधे शिकायत दर्ज कराएं। इसके लिए जिला कृषि अधिकारी कार्यालय और सहकारी समितियों के मोबाइल नंबर भी जारी किए गए हैं। खाद खरीदने के लिए आधार कार्ड एवं खतौनी अनिवार्य होगी।
डीएम ने भरोसा दिया कि जनपद में खाद आपूर्ति सुचारु रहेगी तथा कमी नहीं होने दी जाएगी। कृषि अधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि अधिक दाम पर उर्वरक बिक्री करने वाले दुकानदारों का लाइसेंस रद्द कर कार्रवाई की जाएगी।
मुबारकपुर में मतदाता सूची पुनरीक्षण तेज, घर-घर पहुंचेंगे कर्मचारी
अमिलो। नगर पालिका परिषद मुबारकपुर के अधिशासी अधिकारी विनय कुमार मिश्रा ने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को गति देने के लिए टीम को घर-घर जाकर फार्म भरवाने व जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। मुनादी कराने के साथ-साथ शिक्षकों की सहायता से फॉर्म संग्रहण की भी व्यवस्था की गई है। निरीक्षण के दौरान कार्य संतोषजनक पाया गया। इस मौके पर मानव सिंह, श्रीप्रकाश मिश्रा, तुफैल, मुमताज अहमद सहित अन्य मौजूद रहे।
रमा हॉस्पिटल में इलाज में देरी का आरोप, डॉक्टर व स्टाफ पर मारपीट का केस दर्ज
सिधारी थानाक्षेत्र के नरौली स्थित रमा हॉस्पिटल में इलाज में देरी को लेकर गुरुवार दोपहर परिजनों और अस्पताल स्टाफ के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि ऑपरेशन न होने से पीड़ित परिवार ने रेफर की मांग की, जिस पर डॉक्टर अमित सिंह और कर्मचारियों ने गाली-गलौज कर मारपीट की।
घटना में बच्चे की मां, पिता और अन्य परिजन घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की तथा पीड़िता खुशबू की तहरीर पर डॉक्टर अमित सिंह व अज्ञात कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पराली जलाई तो जुर्माना ठोका – 37 किसानों पर ₹92,500 का दंड
पराली जलाने के मामलों पर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिले में 37 किसानों पर कुल ₹92,500 का जुर्माना लगाया गया। बूढ़नपुर और मेंहनगर में 12–12, लालगंज व सगड़ी में 5–5 तथा निजामाबाद, सदर व फूलपुर में एक–एक मामला दर्ज किया गया। दो किसानों पर ₹5,000 जबकि शेष 35 किसानों पर ₹2,500 जुर्माना लगाया गया है। धनराशि राजकोष में जमा कराई जा रही है।
उप कृषि निदेशक आशीष कुमार ने कहा कि पराली जलाने पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
मतदाता पुनरीक्षण अभियान में सुस्ती देख अधिकारी नाराज़, बीएलओ को कड़े निर्देश
विशेष प्रागढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत सीडीओ परीक्षित खटाना एवं एसडीएम न्यायिक नूपुर सिंह ने कम प्रगति वाले बूथों का निरीक्षण किया। लालगंज के बूथ संख्या 294–297 पर कार्य बेहद धीमा मिला, जिस पर कर्मचारियों को चेतावनी दी गई।
अधिकारियों ने निर्देश दिया कि बीएलओ शाम तक कम से कम 50% डिजिटाइजेशन पूरा करें। ठेकमा के सराय मोहन ग्राम में भी सत्यापन कार्य की गति धीमी मिलने पर नाराजगी जताई गई।