नई दिल्ली: देश में खुदरा महंगाई दर अक्टूबर 2026 में बढ़कर 6.1 फीसदी हो गई. दो साल में पहली बार यह भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की तय अपर थ्रेसहोल्ड (ऊपरी सीमा) से आगे निकली है. खाने-पीने की चीजों और ईंधन के दाम बढ़ने के साथ अब महंगाई का असर लगभग सभी क्षेत्रों में दिखने लगा है. गुरुवार (12 अक्टूबर) को जारी सरकारी आंकड़ों से यह जानकारी सामने आई है.
आरबीआई ने महंगाई दर का लक्ष्य 4 फीसदी तय किया है. इसके लिए 2 फीसदी की घट-बढ़ की गुंजाइश रखी गई है. यानी महंगाई दर 2 से 6 फीसदी के बीच रहनी चाहिए. इससे पहले अक्टूबर 2024 में खुदरा महंगाई दर 6 फीसदी की ऊपरी सीमा पार कर 6.2 फीसदी पर पहुंच गई थी. अक्टूबर 2026 की दर उसके बाद सबसे अधिक है.
द हिंदू के मुताबिक, ब्रिकवर्क रेटिंग्स के अर्थशास्त्री प्रांजल घाटे ने कहा कि महंगाई की मुख्य वजह अब भी आपूर्ति से जुड़ी समस्याएं हैं. हालांकि, त्योहारों के दौरान खरीदारी बढ़ने से मांग का दबाव भी कीमतों में बढ़ोतरी की वजह बना हो सकता है.
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में खाद्य पदार्थों और पेय पदार्थों की महंगाई दर बढ़कर 8.5 फीसदी हो गई. नई सीपीआई (कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स – उपभोक्ता मूल्य सूचकांक) श्रृंखला में यह अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है.
ईंधन की कीमतें बढ़ने का असर परिवहन क्षेत्र पर भी पड़ा. अक्टूबर में इस क्षेत्र की महंगाई दर बढ़कर 5.8 फीसदी हो गई, जो नई श्रृंखला में सबसे अधिक है.
खाने-पीने और परिवहन का खर्च बढ़ने से रेस्तरां और आवास सेवाओं की महंगाई दर भी तेजी से बढ़ी. अक्टूबर में यह 10.1 फीसदी पर पहुंच गई. नई सीपीआई श्रृंखला में पहली बार इस क्षेत्र की महंगाई दर 10 फीसदी के पार गई है.
बैंक ऑफ बड़ौदा के मुख्य अर्थशास्त्री मदन सबनवीस ने कहा कि आने वाले महीनों में कुछ खाद्य पदार्थों की कीमतें और बढ़ सकती हैं.
उन्होंने कहा, ‘फसल की मौजूदा स्थिति से आने वाले समय में खाद्य पदार्थों की कीमतों का रुख साफ होगा. धान, मक्का, तिलहन, कपास और गन्ने की खेती का रकबा कम रहा है. यह भी खबरें हैं कि दालों, खासकर अरहर का उत्पादन इस बार कम हो सकता है. इससे कीमतें बढ़ सकती हैं.’
महंगाई का असर केवल खाने-पीने की चीजों और ईंधन तक सीमित नहीं है. रोजमर्रा के इस्तेमाल की कई दूसरी चीजों के दाम भी तेजी से बढ़े हैं.
कपड़ों और जूतों-चप्पलों की महंगाई दर अक्टूबर में करीब 5 फीसदी रही. सितंबर में यह 3.9 फीसदी थी. नई सीपीआई श्रृंखला में इस क्षेत्र की यह अब तक की सबसे अधिक महंगाई दर है.
इसी तरह, घरेलू सामान, फर्नीचर और घर के रखरखाव से जुड़ी चीजों की महंगाई दर अक्टूबर में बढ़कर 3.9 फीसदी हो गई. यह भी नई श्रृंखला का सबसे ऊंचा स्तर है.
स्वास्थ्य सेवाओं की महंगाई दर सितंबर के 1.4 फीसदी से बढ़कर अक्टूबर में 2.05 फीसदी हो गई. जनवरी के बाद यह इस क्षेत्र की सबसे अधिक दर है.
मकान, पानी, बिजली, गैस और दूसरे ईंधनों से जुड़ी महंगाई दर भी अक्टूबर में बढ़कर 2.9 फीसदी हो गई. यह नई सीपीआई श्रृंखला में अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है.
शिक्षा सेवाओं की महंगाई दर पहली बार आरबीआई के 4 फीसदी के लक्ष्य तक पहुंच गई. वहीं, सूचना और संचार सेवाओं की महंगाई दर अक्टूबर में बढ़कर 3.2 फीसदी हो गई. यह भी नई श्रृंखला का सबसे ऊंचा स्तर है.