कोलकाता: पश्चिम बंगाल में चुनाव आयोग जिन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने की मांग कर रहा है, उनमें से हर दस में नौ के नाम मुस्लिम हैं. ऐसा उन मतदाताओं के साथ भी हो रहा है, जिन्हें न्यायिक अधिकारियों ने जांच के बाद मतदाता सूची में शामिल किए जाने के योग्य पाया था.

और ऐसा नहीं है कि यह स्थिति सिर्फ राज्य के मुस्लिम बहुल सीमावर्ती इलाकों तक सीमित है, बल्कि सीमा से दूर हिंदू बहुल जिलों में भी यही हालात देखने को मिल रहे हैं.

सिविक रिसर्च ग्रुप द्वारा जुटाए गए आंकड़ों के मुताबिक, चुनाव आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान न्यायिक अधिकारियों द्वारा मतदाता सूची में शामिल किए जाने के योग्य पाए गए 16,08,175 लोगों के खिलाफ अपील दायर की है.

द वायर द्वारा इन मतदाताओं के नामों के विश्लेषण किए जाने के बाद सामने आया है कि इनमें से कम से कम 14,39,797 यानी 89.5% लोगों के नाम मुस्लिम हैं.

वर्ष 2011 की जनगणना के मुताबिक, पश्चिम बंगाल की कुल आबादी में मुसलमानों की हिस्सेदारी 27% है. वहीं, राज्य के कुल मतदाताओं में करीब 29% मुसलमान है.

विधानसभा क्षेत्रों को वहां रहने वाली अल्पसंख्यक आबादी के अनुपात के आधार पर अलग-अलग समूहों में बांटने से पता चलता है कि जिन मतदाताओं के खिलाफ अपील की गई है, उनकी संख्या आसपास की आबादी के अनुपात से कितनी अलग है.

जिन विधानसभा सीटों पर मुस्लिम आबादी करीब 6% है, वहां जिन मतदाताओं के खिलाफ अपील की गई है, उनमें से दस में छह से ज्यादा के नाम मुस्लिम हैं. यह उस इलाके की मुस्लिम आबादी के अनुपात से करीब दस गुना है.

वहीं, जिन सीटों पर अल्पसंख्यक आबादी करीब 15% है, वहां अपील का सामना कर रहे दस में आठ से ज्यादा मतदाताओं के नाम मुस्लिम हैं.

137 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव आयोग की ओर से अपील का सामना कर रहे कम से कम 90% मतदाताओं के नाम मुस्लिम हैं.

जिन 160 विधानसभा सीटों पर मुस्लिम आबादी कुल आबादी के पांचवें हिस्से यानी 20% से कम है, उनमें से 69 सीटें ऐसी हैं, जहां चुनाव आयोग की अपील का सामना कर रहे कम से कम 80% मतदाताओं के नाम मुस्लिम हैं. इन सभी 160 सीटों पर मुस्लिम नाम वाले कुल 2,62,416 मतदाताओं के खिलाफ अपील की गई है.

यह अंतर सीमावर्ती जिलों में सबसे ज्यादा नहीं है, बल्कि उन जिलों में सबसे अधिक है जहां मुस्लिम आबादी बहुत कम है.

पूर्व मेदिनीपुर में मुस्लिम आबादी कुल आबादी का करीब आठवां हिस्सा है. इसके बावजूद, चुनाव आयोग की अपील का सामना कर रहे दस में नौ से ज्यादा मतदाताओं के नाम मुस्लिम हैं.

एगरा विधानसभा क्षेत्र में मुस्लिम आबादी करीब 8% है, लेकिन यहां अपील का सामना कर रहे मतदाताओं में मुस्लिम नाम वाले लोगों की हिस्सेदारी 94.9% है.

इसी जिले की चांदीपुर, कांथी दक्षिण और रामनगर विधानसभा सीटों पर यह आंकड़ा 93% से 95% के बीच है.