इंदौर: मुंबई की आर्किटेक्चर फर्म ' संजय पुरी आर्किटेक्ट्स ' ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया है। फर्म को मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित 'प्रेस्टीज यूनिवर्सिटी' के डिजाइन के लिए ' वर्ल्ड बिल्डिंग ऑफ द ईयर ' के प्रतिष्ठित खिताब से नवाजा गया है। यह सम्मान पिछले हफ्ते अमेरिका के फ्लोरिडा में आयोजित 'वर्ल्ड आर्किटेक्चर फेस्टिवल 2026' में दिया गया।कैंपस में घुसते ही नजर नहीं आती इमारतउज्जैन-इंदौर रोड पर 32 एकड़ में फैले इस कैंपस की सबसे बड़ी खासियत इसकी बनावट है।

पांच मंजिला इस इमारत को 2,215 वर्ग मीटर क्षेत्र में कुछ इस तरह तैयार किया गया है कि कैंपस में दाखिल होते ही यह सीधे नजर नहीं आती। इसे एक बगीचे जैसा रूप दिया गया है, जहां इमारत को पिछले हिस्से में रखकर आगे की तरफ कई छोटे-बड़े आंगन (कोर्टयार्ड) और सीढ़ियां बनाई गई हैं।पारंपरिक बावड़ी से लिया गया है डिजाइन का आइडियाप्रमुख आर्किटेक्ट संजय पुरी के मुताबिक, इस इमारत की प्रेरणा भारत की सदियों पुरानी 'बावड़ी' (स्टेपवेल) और आंगन की परंपरा से ली गई है।

इंदौर के मौसम को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा आंगन बनाने के बजाय 4x4, 8x8 और 16x16 मीटर के कई छोटे आंगन बनाए गए हैं। इससे कैंपस में दिनभर भरपूर प्राकृतिक रोशनी और हवा का संचार बना रहता है।भरी गर्मी में भी नहीं पड़ती AC की जरूरतपर्यावरण के अनुकूल बनी इस इमारत का सोलर रिफ्लेक्टिव इंडेक्स सामान्य इमारतों से दोगुना है।

इसका सीधा फायदा यह है कि इमारत के अंदर सीधी धूप नहीं आती और ऊर्जा की खपत काफी कम हो जाती है। संजय पुरी बताते हैं कि इमारत की किसी भी खिड़की पर पर्दे या ब्लाइंड्स लगाने की जरूरत नहीं है, यहां तक कि भरी गर्मी में भी कैफेटेरिया बिना एसी के ठंडा रहता है।जरूरत से 50 फीसदी ज्यादा पानी बचाती है बिल्डिंगजल संरक्षण के मामले में भी यह इमारत एक मिसाल है।

इमारत की छतों पर अलग-अलग स्तरों पर ऐसे रास्ते और बगीचे बनाए गए हैं, जो बारिश के पानी को सोखने का काम करते हैं। यह सिस्टम साल भर की जरूरत का पानी जमा करने के साथ-साथ 50 फीसदी अतिरिक्त पानी जमीन के भीतर पहुंचाता है, जिससे भूजल स्तर रिचार्ज होता रहता है।5 हजार छात्रों के लिए बना पसंदीदा ठिकानातीन दशकों से अधिक समय से जलवायु के अनुकूल इमारतें डिजाइन कर रहे संजय पुरी का यह प्रोजेक्ट आज कैंपस के 5,000 छात्रों के लिए पसंदीदा जगह बन चुका है।

छत पर बने बगीचे और खुले आंगन छात्रों को परीक्षा की तैयारी करने, दोस्तों के साथ समय बिताने या शाम को सुकून से बैठने के लिए एक जीवंत माहौल देते हैं।