बुरहानपुर। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में पांगरी बांध प्रभावित किसानों का आक्रोश अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है। मुआवजे की मांग को लेकर किसानों ने अनोखा भिक्षाटन आंदोलन शुरू कर सरकार का ध्यान अपनी समस्या की ओर खींचने की कोशिश की है। हाथों में खाली थाली और कटोरे लेकर सड़क पर उतरे किसानों की तस्वीरें अब चर्चा का विषय बनी हुई हैं
रविवार को ग्राम नागझिरी, बसाली और पांगरी के सैकड़ों किसानों ने डॉ. रवि कुमार पटेल के नेतृत्व में भिक्षाटन आंदोलन किया। इस दौरान किसानों ने हाथों में खाली थाली और कटोरे लेकर ‘भिक्षाम देहि’ और ‘अलख निरंजन’ के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने भगवान महादेव से सरकार को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना भी की
किसानों का आरोप है कि पांगरी बांध परियोजना के लिए अपनी जमीन देने के बावजूद उन्हें अब तक मुआवजे की राशि नहीं मिली है। उनका कहना है कि करीब चार वर्षों तक संघर्ष करने के बाद मुआवजे की रकम 10 लाख से बढ़ाकर 30 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर कराने की लड़ाई में सफलता मिली, लेकिन इसके बावजूद भुगतान नहीं हो पाया है
आंदोलन कर रहे किसानों ने सरकार और प्रशासन को 15 दिनों का अल्टीमेटम दिया है। उनकी मांग है कि धारा-26 लागू कर मुआवजे की राशि जल्द से जल्द प्रभावित किसानों के बैंक खातों में जमा कराई जाए। किसानों ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय में उनकी मांग पूरी नहीं हुई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा
किसानों का कहना है कि जब उन्होंने पूरे प्रदेश के किसानों के अधिकारों की लड़ाई लड़कर मुआवजे की राशि बढ़वाने में योगदान दिया, तो आज खुद अपने हक की रकम पाने के लिए कटोरा लेकर भिक्षा मांगने की नौबत क्यों आ गई? किसानों के इस विरोध प्रदर्शन ने एक बार फिर बांध प्रभावितों के मुआवजे और उनके पुनर्वास से जुड़े मुद्दों को चर्चा में ला दिया है। फिलहाल पांगरी बांध प्रभावित किसानों की नजरें सरकार और प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं। अब देखना होगा कि 15 दिनों के अल्टीमेटम के बाद किसानों की मांगों पर क्या कार्रवाई होती है