शरीर में चोट लगने, संक्रमण होने या किसी बाहरी खतरे के पहुंचने पर सूजन (Inflammation) होना एक सामान्य प्रक्रिया है। यह इम्यून सिस्टम का तरीका है, जिसके जरिए शरीर नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों से लड़ता और प्रभावित हिस्से को ठीक करने की कोशिश करता है। लेकिन जब सूजन लंबे समय तक बनी रहे या इम्यून सिस्टम गलती से शरीर के स्वस्थ टिश्यू पर ही हमला करने लगे, तो स्थिति गंभीर हो सकती है।इसी प्रक्रिया का संबंध कुछ ऑटोइम्यून डिजीज से भी है।

रूमेटॉइड आर्थराइटिस और ल्यूपस जैसी बीमारियों में इम्यून सिस्टम की गड़बड़ी के कारण शरीर के अपने टिशू में सूजन और नुकसान हो सकता है। हालांकि, हर तरह की सूजन ऑटोइम्यून डिजीज का कारण नहीं बनती।सामान्य इंफ्लेमेशन और ऑटोइम्यून इंफ्लेमेशन में क्या अंतर है?नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इंवॉयरमेंटल साइंसेज के मुताबिक सूजन (inflammation) शरीर की प्राकृतिक सुरक्षा प्रक्रिया है।

उदाहरण के लिए, अगर हाथ कट जाए या शरीर में बैक्टीरिया का संक्रमण हो जाए, तो प्रभावित हिस्से में लालिमा, गर्माहट, दर्द और सूजन दिखाई दे सकती है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि इम्यून सिस्टम संक्रमण या चोट से लड़ने के लिए प्रभावित जगह पर प्रतिरक्षा कोशिकाओं और दूसरे रासायनिक संकेतों को सक्रिय करता है। खतरा खत्म होने के बाद सामान्य रूप से यह प्रतिक्रिया धीरे-धीरे शांत हो जाती है।एनआईएएमएस के अनुसार इसके विपरीत, ऑटोइम्यून इंफ्लेमेशन (सूजन) में इम्यून सिस्टम शरीर के अपने स्वस्थ टिश्यू को ही नुकसान पहुंचाने लगता है।

इसमें इम्यून कोशिकाएं या ऑटोएंटीबॉडी शरीर के अपने प्रोटीन और कोशिकाओं को निशाना बना सकती हैं। उदाहरण के लिए, रूमेटॉइड आर्थराइटिस में जोड़ों की अंदरूनी परत में सूजन होती है, जबकि ल्यूपस में त्वचा, जोड़ों, किडनी और शरीर के दूसरे अंग प्रभावित हो सकते हैं।एक और अंतर समझना जरूरी है। सामान्य सूजन किसी संक्रमण या चोट के ठीक होने के बाद कम हो जाती है, लेकिन ऑटोइम्यून बीमारियों में इम्यून सिस्टम की गड़बड़ी के कारण सूजन बार-बार हो सकती है या लंबे समय तक बनी रह सकती है।क्या क्रोनिक इंफ्लेमेशन से ऑटोइम्यून डिजीज विकसित हो सकती हैं?क्रोनिक इंफ्लेमेशन यानी लंबे समय तक बनी रहने वाली सूजन कई स्वास्थ्य समस्याओं से जुड़ी है।

जब शरीर में सूजन की प्रक्रिया लगातार सक्रिय रहती है, तो इससे टिशू को नुकसान पहुंच सकता है। कुछ परिस्थितियों में यह इम्यून सिस्टम के सामान्य नियंत्रण को प्रभावित करने वाली प्रक्रियाओं में भी योगदान दे सकती है।एनसीबीआई के अनुसार, ऑटोइम्यून बीमारियों का विकास आमतौर पर किसी एक वजह से नहीं होता। इसमें आनुवंशिक संवेदनशीलता, पर्यावरणीय कारक, संक्रमण, धूम्रपान और इम्यून सिस्टम के नियंत्रण में गड़बड़ी जैसी कई चीजें भूमिका निभा सकती हैं।

कुछ लोगों में लंबे समय तक चलने वाली सूजन और इम्यून सिस्टम की असामान्य सक्रियता एक-दूसरे को बढ़ावा दे सकती हैं।एनसीबीआई के मुताबिक हर व्यक्ति जिसे क्रोनिक इंफ्लेमेशन है, उसे ऑटोइम्यून डिजीज होगी, ऐसा नहीं है। इसी तरह हर ऑटोइम्यून बीमारी के पीछे पहले से मौजूद सामान्य क्रोनिक इंफ्लेमेशन ही जिम्मेदार हो, यह भी साबित नहीं हुआ है।

कई मामलों में ऑटोइम्यून प्रतिक्रिया खुद सूजन पैदा करती है। इसलिए इसे एक जटिल और कई चरणों में विकसित होने वाली प्रक्रिया समझना चाहिए।इम्यून सिस्टम गलती से शरीर के अपने टिश्यू पर हमला कैसे करता है?एनआईएच के अनुसार सामान्य परिस्थितियों में इम्यून सिस्टम बाहरी संक्रमण और शरीर की अपनी कोशिकाओं के बीच अंतर पहचानता है।

इस क्षमता को इम्यून टॉलरेंस (Immune Tolerance) कहा जाता है। इसके लिए टी सेल्स और बी सेल्स सहित कई तरह की प्रतिरक्षा कोशिकाएं काम करती हैं।टी सेल्स और बी सेल्स को इस तरह नियंत्रित किया जाता है कि वे सामान्य रूप से शरीर के स्वस्थ हिस्सों पर हमला न करें। लेकिन कुछ लोगों में आनुवंशिक और पर्यावरणीय कारकों के प्रभाव से यह नियंत्रण कमजोर पड़ सकता है।

तब शरीर के अपने प्रोटीन को निशाना बनाने वाली कोशिकाएं सक्रिय हो सकती हैं। B Cells से बनने वाली ऑटोएंटीबॉडी शरीर के स्वस्थ टिश्यू को निशाना बना सकती हैं, जबकि कुछ T Cells सीधे या दूसरी प्रतिरक्षा कोशिकाओं को सक्रिय करके नुकसान पहुंचा सकती हैं।इंफ्लेमेशन और ऑटोइम्यून डिजीज के बीच क्या कनेक्शन हैं? सूजन एक लक्षण है, कारण नहीं: मेडलाइन प्लस के अनुसार रुमेटॉइड आर्थराइटिस, ल्यूपस या मल्टीपल स्केलेरोसिस जैसी ऑटोइम्यून बीमारियों में, सूजन मुख्य रूप से प्रतिरक्षा प्रणाली द्वारा स्वस्थ, सामान्य शारीरिक टिशू पर गलती से हमला करने का परिणाम होती है।

दीर्घकालिक सूजन: एनसीबीआई के अनुसार दीर्घकालिक या पुरानी सूजन प्रतिरक्षा प्रणाली पर अत्यधिक दबाव डाल सकती है और उसे अस्थिर कर सकती है, जिससे कभी-कभी ऐसा वातावरण बन जाता है जो प्रतिरक्षा सहनशीलता को नष्ट कर देता है। जन्मजात कारण : ग्लोबल ऑटोइम्यून इंस्टिट्यूट के अनुसार प्रारंभिक सूजन प्रतिक्रिया (संक्रमण, तनाव या पर्यावरणीय कारकों द्वारा ट्रिगर) जन्मजात प्रतिरक्षा कोशिकाओं को सक्रिय करती है, जो कभी-कभी गलत प्रतिक्रिया कर सकती हैं और अनुकूली प्रतिरक्षा कोशिकाओं (टी और बी कोशिकाएं) को शरीर के अपने ही टिशू को लक्षित करने के लिए प्रतिक्रिया कर सकती हैं।इंफ्लेमेशन शरीर की सामान्य सुरक्षा प्रक्रिया है, लेकिन जब यह लंबे समय तक बनी रहे या इम्यून सिस्टम शरीर के अपने टिश्यू को निशाना बनाने लगे, तो ऑटोइम्यून डिजीज विकसित हो सकती है।

रूमेटॉइड आर्थराइटिस और ल्यूपस के शोध बताते हैं कि कुछ मामलों में ऑटोइम्यून गतिविधि बीमारी के स्पष्ट लक्षणों से कई साल पहले शुरू हो सकती है। हालांकि, हर क्रॉनिक सूजन ऑटोइम्यून बीमारी का कारण नहीं बनती। लगातार लक्षण होने पर समय पर डॉक्टर से जांच कराना सबसे जरूरी है।