नई दिल्ली: साल 2026 के पहले नौ महीनों में 3,000 से अधिक लोगों की मौत हुई, लगभग 1,28,334 मकान नष्ट हो गए और 42.5 लाख हेक्टेयर फसल बर्बाद हुई. इस साल अब तक भारत में 47,244 मवेशियों की भी मौत हुई है. ये सभी नुकसान चरम मौसमी घटनाओं (extreme weather events) के कारण हुए हैं.

इस साल के पहले नौ महीनों में देश ने 92 प्रतिशत दिनों में चरम मौसमी घटनाओं का सामना किया. लू, शीतलहर, भूस्खलन, बाढ़ और भारी बारिश जैसी घटनाओं ने 3,220 लोगों की जान ले ली. इन घटनाओं ने देशभर में लोगों की आजीविका को तबाह किया और भारत के जलवायु संकट की बढ़ती मानवीय कीमत को उजागर किया.

नई दिल्ली स्थित जनहित अनुसंधान संगठन सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (सीएसई) और डाउन टू अर्थ (डीटीई) की ओर से 4 नवंबर को जारी एक नई रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है.

‘क्लाइमेट इंडिया 2026: एन असेसमेंट ऑफ एक्सट्रीम वेदर इवेंट्स’ शीर्षक वाली इस रिपोर्ट में 2022 से 2026 के बीच के रुझानों का भी आकलन किया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, चरम मौसमी घटनाओं से प्रभावित दिनों का अनुपात 2022 और 2023 में 86 से 88 प्रतिशत था, जो 2024 में बढ़कर 93 प्रतिशत हो गया और 2025 में 99 प्रतिशत के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया.

ये ताजा आंकड़े भारत के जलवायु संकट की बढ़ती मानवीय कीमत को रेखांकित करते हैं. इस साल जनवरी से सितंबर के बीच देश में 273 में से 251 दिनों तक चरम मौसमी घटनाएं दर्ज की गईं. इसका मतलब है कि लगभग 92 प्रतिशत दिनों में भारत का कम से कम एक हिस्सा इन घटनाओं से प्रभावित रहा.

सीएसई की रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी 2022 से सितंबर 2026 के बीच भारत में चरम मौसमी घटनाओं के कारण 16,000 से अधिक लोगों की जान गई. इनमें से लगभग 65 प्रतिशत मौतें पिछले तीन वर्षों में हुईं.

रिपोर्ट बताती है कि देश में चरम मौसमी घटनाएं लगभग रोजमर्रा की स्थिति बन गई हैं. 2022 से 2026 के बीच हर साल जनवरी से सितंबर की अवधि में 86 से 99 प्रतिशत दिनों तक भारत में चरम मौसमी घटनाएं दर्ज की गईं.

इस आकलन अवधि के दौरान हर साल इन घटनाओं से मरने वालों की संख्या 2,700 से अधिक रही. वर्ष 2022 में 2,755 लोगों की मौत हुई, जो 2023 में बढ़कर 2,923 और 2024 में 3,238 हो गई. वर्ष 2025 में यह आंकड़ा बढ़कर 4,064 पर पहुंच गया, जो पांच वर्षों में सबसे अधिक था. वर्ष 2026 में भी जनवरी से सितंबर के बीच चरम मौसमी घटनाओं के कारण 3,320 लोगों की जान जा चुकी है.

डीटीई की रिपोर्ट के मुताबिक, इन आपदाओं में बिजली गिरना और आंधी-तूफान, भारी बारिश, बाढ़, भूस्खलन, लू, शीतलहर, चक्रवात, ओलावृष्टि, धूल भरी आंधी और तेज झोंकेदार हवाएं शामिल हैं. तेज झोंकेदार हवाएं अचानक और थोड़े समय के लिए चलने वाली बहुत तेज हवाएं होती हैं, जिनके साथ अक्सर भारी बारिश या गरज-चमक के साथ तूफान आता है. इस आकलन के लिए भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), केंद्रीय गृह मंत्रालय के आपदा प्रबंधन प्रभाग और मीडिया रिपोर्टों के आंकड़ों का इस्तेमाल किया गया है.

जलवायु परिवर्तन की कीमत चुका रहे हैं भारत के किसान

इस नुकसान का दायरा केवल इंसानी जानों के नुकसान तक सीमित नहीं है. पांच वर्षों की अवधि में चरम मौसमी घटनाओं से कम से कम 2.06 करोड़ हेक्टेयर फसल क्षेत्र प्रभावित हुआ. इसमें से 82 प्रतिशत से अधिक नुकसान 2024 से 2026 के बीच हुआ.

कृषि क्षेत्र को होने वाला नुकसान तेजी से बढ़ा है. प्रभावित फसल क्षेत्र 2022 में 18.4 लाख हेक्टेयर था, जो 2024 में बढ़कर 32 लाख हेक्टेयर हो गया. 2025 में इसमें भारी उछाल आया और यह 94.7 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया. साल 2026 में भी 42.5 लाख हेक्टेयर फसल क्षेत्र प्रभावित हुआ. इस तरह कृषि को नुकसान के लिहाज से यह आकलन अवधि का दूसरा सबसे खराब साल रहा.

रिपोर्ट बदलते मौसम के पैटर्न की ओर भी इशारा करती है. सर्दियां अब गर्म होती जा रही हैं और लू पहले ही शुरू हो जाती है. फरवरी 2026 पिछले 125 वर्षों में चौथा सबसे गर्म फरवरी रहा. पांच वर्षों के आकलन की अवधि में पहली बार इस महीने शीतलहर या शीत दिवस की कोई घटना दर्ज नहीं की गई. हिमाचल प्रदेश में मार्च की शुरुआत में ही भीषण लू चली. आकलन अवधि में इतनी जल्दी लू चलने की यह पहली दर्ज घटना थी.

इसका असर देश के बड़े हिस्से में देखा गया. पांच वर्षों के दौरान मध्य प्रदेश में चरम मौसमी घटनाओं वाले दिनों की संख्या सबसे अधिक 748 रही. इसके बाद हिमाचल प्रदेश में 740, उत्तर प्रदेश में 653, महाराष्ट्र में 648 और असम में 526 दिन ऐसी घटनाएं दर्ज की गईं.