रीवा: जिले के चोरहटा थाना क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल के हॉस्टल में मंगलवार सुबह 13 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान रीवा के जवा क्षेत्र निवासी सूर्यांश गुप्ता के रूप में हुई है, जो चोरहटा स्थित गुरुकुल प्राइवेट स्कूल में कक्षा छठवीं का छात्र था और हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था।रात में सामान्य दिनचर्या के बाद सोया था छात्रहॉस्टल केयरटेकर रवेंद्र सिंह के अनुसार, सूर्यांश ने सोमवार शाम 6 बजे से रात 8:30 बजे तक कक्षाओं में हिस्सा लिया था।
इसके बाद उसने अन्य छात्रों के साथ रात का भोजन किया। रात करीब 9:30 बजे दैनिक प्रक्रिया के तहत सभी छात्रों की फोटो ली गई, जिसके बाद सभी अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। मंगलवार सुबह करीब 7 बजे बाकी छात्र जाग गए, लेकिन सूर्यांश नहीं उठा।अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित, शरीर पर चोट के निशान नहींचोरहटा थाना प्रभारी पवन शुक्ला ने बताया कि सुबह स्पोर्ट्स टीचर छात्रों को जगाने पहुंचे थे, तभी सूर्यांश के कोई प्रतिक्रिया न देने का पता चला।
हॉस्टल स्टाफ उसे लेकर संजय गांधी अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। संजय गांधी अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, छात्र के शरीर पर किसी तरह की बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। प्रारंभिक जानकारी में उसे पहले से किसी गंभीर बीमारी की बात भी सामने नहीं आई है। शुरुआती जांच में डॉक्टरों ने कार्डियक अरेस्ट की आशंका जताई है, हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।पिता ने लगाया आरोप, पुलिस कर रही बयान दर्जसूर्यांश के पिता विनोद गुप्ता ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 7:30 बजे फोन कर बेटे की तबीयत खराब होने और संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराए जाने की सूचना दी गई थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि उन्होंने स्कूल प्रबंधन से बेटे को किसी अच्छे निजी अस्पताल ले जाने को कहा था और जल्द पहुंचने की बात भी कही थी, लेकिन प्रबंधन ने इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया। उनके संजय गांधी अस्पताल पहुंचने से पहले ही बेटे की मौत हो चुकी थी। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
वहीं, पुलिस अस्पताल प्रबंधन, परिजनों और स्कूल स्टाफ के बयान दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।