सिकंदराराऊ थाना अंतर्गत कासगंज रोड पर जवाहर नवोदय विद्यालय के पास 24 नवंबर को एक हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। मामले में गांव बेगमपुर निवासी चांदनी ने अज्ञात ईको कार चालक के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। चांदनी ने बताया कि उसका पति फारुख अपने साथी बीपी सिंह के साथ बाइक पर सवार होकर 24 नवंबर की रात्रि 8:20 बजे कासगंज जा रहे थे।

जवाहर नवोदय विद्यालय के पास पीछे से आ रही ईको कार के चालक ने लापरवाही से बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में फारुख की मौके पर ही मौत हो गई और बीपी सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल का उपचार अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। कार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर भाग गया। कोतवाल प्रेमपाल सिंह ने बताया कि पुलिस चालक की तलाश कर रही है।