प्रतापगढ़ से प्रयागराज आ रही एक रोडवेज बस शुक्रवार दोपहर मऊआइमा के पास हादसे का शिकार होते-होते बच गई। चलती बस का पहिया अचानक धुरी से निकलकर सड़क किनारे खेत में जा गिरा। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते स्थिति को भांप लिया और सूझबूझ दिखाते हुए बस को नियंत्रित कर रोक लिया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद किसी राहगीर ने सड़क पर खड़ी बस का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बस का पहिया निकलकर काफी दूर खेत में पड़ा है। हालांकि, अमर उजाला इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। बताया जा रहा है कि पहिया निकलते ही बस में तेज झटका लगा, जिससे अंदर बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया। बस रुकते ही यात्री घबराकर नीचे उतर आए। हादसे के वक्त बस में कितने यात्री सवार थे, इसकी सटीक जानकारी नहीं मिल सकी है।
वहीं दूसरी ओर यूपी रोडवेज क्षेत्रीय प्रबंधक प्रयागराज रविंद्र कुमार सिंह का कहना है कि प्रयागराज परिक्षेत्र के किसी भी डिपो की बस के साथ इस तरह का कोई हादसा नहीं हुआ है।