लोहामंडी सर्किल के एक थाना क्षेत्र की रहने वाली निजी कॉलेज की शिक्षिका की क्षेत्र के युवक से इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। युवक के कहने पर उन्होंने ‘व्यू वन्स’ फीचर से निजी फोटो भेज दीं। कुछ समय बाद दोनों में विवाद हुआ तो युवक ने उसी फीचर का इस्तेमाल कर शिक्षिका को उसके आपत्तिजनक फोटो भेज दिए। बदनामी और ब्लैकमेलिंग के डर से पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की, हालांकि उसके पास साक्ष्य नहीं थे।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और कार्रवाई शुरू की, पर बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया और शिक्षिका ने शिकायत वापस ले ली। जानकारों के मुताबिक, डिजिटल संवाद में ‘व्यू वन्स’ फीचर को लेकर यह धारणा आम है कि तस्वीर या वीडियो खुलने के बाद स्वतः मिट जाएगा और दोबारा नहीं दिखेगा। पर व्यावहारिक रूप से यह फीचर कई मामलों में ब्लैकमेलिंग का माध्यम बनता जा रहा है।

अक्सर दोस्ती या नजदीकी बढ़ने के दौरान भरोसा कायम होने पर लोग निजी सामग्री साझा करते हैं, जबकि सामने वाला व्यक्ति दूसरे उपकरण से तस्वीर खींचकर या स्क्रीन रिकॉर्डिंग के जरिये उसे सहेज लेता है। रिश्तों में तनाव आते ही यही सामग्री दबाव बनाने का औजार बन जाती है। अन्य मामले भी देते हैं चेतावनी यमुनापार क्षेत्र की एक युवती की सिकंदरा इलाके के युवक से दोस्ती थी।

‘प्राइवेसी’ के साथ भेजी गई निजी तस्वीर को युवक ने कथित तौर पर दूसरे फोन से सुरक्षित कर लिया और विवाद के बाद परेशान करने लगा, जिस पर साइबर थाने में शिकायत दी गई। वहीं सदर सर्किल के एक थाना क्षेत्र की कॉलेज छात्रा की तस्वीर सहपाठी ने एडिट कर होने वाले ससुराल पक्ष को भेज दी, जिससे रिश्ता टूट गया। डीसीपी साइबर क्राइम आदित्य ने बताया कि व्यू वन्स से भेजी गई सामग्री को अन्य तरीकों से सुरक्षित किए जाने की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता, लिहाजा निजी फोटो-वीडियो भेजते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतनी चाहिए।

धमकी मिलने पर घबराकर मांगें मानने के बजाय चैट, कॉल विवरण, लिंक और संदेश जैसे डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखें और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल या पुलिस से संपर्क करें।