चंद्रकांत लहारिया, वरिष्ठ चिकित्सक और जन स्वास्थ्य विशेषज्ञएनीमिया (खून की कमी) को दूर करने के लिए बीते पांच दशकों में सरकार ने आयरन की करोड़ों गोलियां बांटीं। नमक जैसे खाद्य पदार्थों में आयरन मिलाने पर भी अब विचार हो रहा है। फिर भी, सर्वे-दर-सर्वे एनीमिया का स्तर ऊंचा मिल रहा है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद् (आईसीएमआर) के ताजा सर्वेक्षण ‘संपदा’ के नतीजे इस समस्या की नए सिरे से पड़ताल कर रहे हैं।देश के 183 जिलों में दो लाख से अधिक लोगों पर किए गए इस सर्वेक्षण ने कई धारणाओं को चुनौती दी है।
राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण-5 (एनएफएचएस-5) से इसकी तुलना करके कुछ लोग एनीमिया की कम दर को भारत की कामयाबी मान रहे हैं, पर यह सही नहीं है। एनएफएचएस-5 में बच्चों और गर्भवती महिलाओं में एनीमिया की दर क्रमश: 67.1 फीसदी और 52.2 फीसदी थी, जबकि ‘संपदा’ में यह क्रमश: 41.8 प्रतिशत और 43.6 प्रतिशत पाई गई है।
इसीलिए पहली नजर में ये आंकड़े एनीमिया में कमी के संकेत देते हैं, लेकिन यह अंतर अलग-अलग सर्वेक्षण पद्धति की वजह से भी हो सकता है। एनएफएचएस में उंगली से रक्त के नमूने लेकर पोर्टेबल मशीन से हीमोग्लोबिन की जांच की गई थी, जबकि ‘संपदा’ में कहीं अधिक विश्वसनीय तरीका अपनाया गया और नस से नमूने लेकर आधुनिक प्रयोगशाला में जांच हुई।
फिर, सर्वेक्षण की आबादी का दायरा भी अलग-अलग था और ‘संपदा’ में विश्व स्वास्थ्य संगठन के साल 2024 के संशोधित मानकों को अपनाया गया। इसीलिए, नए नतीजों को न तो बड़ी उपलब्धि के रूप में पेश किया जाना चाहिए और न ही इसके आधार पर एनीमिया के प्रति राजनीतिक गंभीरता या बजट आवंटन में कमी की कोशिश होनी चाहिए।‘संपदा’ का एक अहम निष्कर्ष एनीमिया व आयरन की कमी के बीच संबंध को लेकर भी है।
सर्वेक्षण के मुताबिक, 12 से 59 महीने के 41.8 फीसदी बच्चे एनीमिया से पीड़ित हैं, पर इनमें से केवल 16.4 फीसदी में आयरन की कमी पाई गई। वहीं, प्रजनन आयु की गैर-गर्भवती महिलाओं में एनीमिया की दर 55.9 फीसदी है और 26.7 फीसदी में दोनों समस्याएं दिखी हैं। साफ है, भारत में एनीमिया की समस्या आयरन की कमी के अलावा अन्य कारणों से भी है।
अच्छी बात है, ‘एनीमिया मुक्त भारत’ कार्यक्रम में सुधार करके एनीमिया के गैर-पोषण संबंधी कारणों पर भी ध्यान दिया गया है और आयरन की गोलियां देने के अलावा दूसरे उपाय भी तलाशे जा रहे हैं। फिर भी, सरकारों का व्यावहारिक जोर अब भी गोलियां बांटना ही है। ऐसे में,जन-स्वास्थ्य में वास्तविक सुधार के बजाय बांटी गई गोलियों की संख्या से इस अभियान की सफलता मापने का खतरा बना हुआ है।निस्संदेह, संवेदनशील समूहों, खास तौर से छोटे-छोटे बच्चों, मासिक धर्म वाली महिलाओं और गर्भवती औरतों को एहतियातन आयरन की गोलियां देना अब भी उपयोगी है, पर क्या वयस्क पुरुषों को, बिना उनमें आयरन की कमी की जांच किए, यह नियमित रूप से दी जानी चाहिए, जबकि बिना जरूरत इन गोलियों को खाने से अन्य गंभीर बीमारियों को उभरने में वक्त लग सकता है?
उल्लेखनीय है, संपदा सर्वे में केवल 3.4 वयस्क पुरुषों और 4.8 बुजुर्गों में आयरन की कमी पाई गई है।इस सर्वेक्षण का एक अन्य चौंकाने वाला निष्कर्ष विटामिन बी12 की कमी को लेकर है। करीब दो तिहाई किशोरों और 63.1 फीसदी गर्भवती महिलाओं में इसकी कमी पाई गई है। एनीमिया से पीड़ित न होने वाले लोगों में भी बी12 का स्तर कम होना शोचनीय है।
यह संकेत है कि असंतुलित खान-पान और पौष्टिक भोजन तक असमान पहुंच का हमें नुकसान हो रहा है। इसलिए हमें खान-पान में विविधता लाने, विटामिन बी12 के विश्वसनीय स्रोतों तक किफायती पहुंच बढ़ाने और कमजोर लोगों को लक्षित सप्लीमेंट देने की व्यवस्था करनी चाहिए। इसी तरह, नमक में आयोडिन मिलाने की व्यवस्था भी बनी रहनी चाहिए और इसमें आयरन मिलाने से पहले इसकी जरूरत का आकलन होना चाहिए।साफ है, भारत में एनीमिया की समस्या खत्म नहीं हुई है, बल्कि इसकी प्रकृति व वजहों की बेहतर समझ विकसित हुई है।
पोषण संबंधी नीतियां बनाते समय हमारे कर्णधारों को इसका ध्यान रखना चाहिए।(ये लेखक के अपने विचार हैं)