दिल्ली-एनसीआर में पिछले दिनों दहेज की मांग और उसके चलते महिलाओं की मौत के कई मामले सामने आए। इस बार भी दहेज का एक और मामला सामने आया है लेकिन इस बार आरोपी कोई और नहीं बल्कि खुद दिल्ली पुलिसकर्मी है। कुलदीप नाम के इस पुलिसकर्मी पर आरोप है कि दहेज में मन के मुताबिक गाड़ी ना मिलने पर उसने अपनी शादी ही कैंसिल कर दी।
उसकी शादी 20 नवंबर को हरियाणा के सोनीपत में होने वाली थी। लड़की वालों ने दहेज में देने के लिए साढ़े 9 लाख रुपए की औरा गाड़ी बुक थी। लेकिन शादी से ठीक पहले कुलदीप ने मांग की कि उसे औरा नहीं बल्कि 13 लाख रुपए की ब्रेजा गाड़ी चाहिए। लड़के वालों की मांग जानकर लड़की के पिता ने ब्रेजा गाड़ी बुक करने की भी कोशिश की लेकिन क्योंकि शादी में काफी कम वक्त बचा था, इसलिए वो समय पर नहीं आ पाई।
इसी बात से नाराज होकर कुलदीप ने शादी तोड़ दी।'शादी पक्की होते ही दहेज की मांग'दुल्हन के परिवार ने पुलिस से संपर्क किया है और दूल्हे और उसके परिवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पिता का दावा है कि उन्होंने शादी की तैयारियों पर 25 लाख से 30 लाख रुपए खर्च किए थे। उन्होंने बताया कि शादी 6 महीने पहले पक्की हुई थी और उसके बाद से ही लड़के वाले दहेज में गाड़ी और गहनों की मांग करने लगे।
लड़की के पिता ने ऑरा पहले ही बुक कर ली थी। लेकिन फिर उन्हें बिचौलियों से पता चला कि कुलदीप को ब्रेजा गाड़ी चाहिए। ऐसे में उन्होंने ऑरा की बुकिंग कैंसिल की और ब्रेजा गाड़ी का इतंजाम करने में लग गए लेकिन समय पर गाड़ी का बंदोबस्त नहीं हो पाया।'भइया भाभी के लिए भी दहेज में मांगे गहनें'लड़की के पिता सुभाष ने बताया कि उनका परिवार लड़के के लिए दो तोले सोने की चेन, उसकी माँ के लिए चार तोले सोने की बालियां और चांदी की पायल देने के लिए भी राजी हो गया था।
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि दूल्हे के बड़े भाई और भाभी के लिए भी गहनों की मांग की गई थी, जिसके बाद दुल्हन के परिवार ने उन गहनों का ऑर्डर भी दे दिया था। इसके अलावा वे फर्नीचर भी शादी में देने वाले थे। शादी मामचंद वाटिका में होने वाली थी जिसके लिए अच्छा खासा इंतजाम किया गया था।मां के साथ सादे कपड़ों में आया दूल्हापिता ने आरोप लगाया कि शादी वाले दिन कुलदीप पूरी बारात लेकर आने के बजाय सादे कपड़ों में अपनी मां के साथ वेन्यू पर आय़ा और ब्रेजा के बारे में पूछने लगा।
जब उसे पता चला कि ब्रेजा का इंतजाम नहीं हो पाया है तो बहस शुरू हो गई। पिता का आरोप है कि कुलदीप ने ना सिर्फ लड़की के परिवारवालों को गाली दी बल्कि दुल्हन के भाई से भी उसका विवाद हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि लड़कीवालों के बार-बार मिन्नतें करने के बावजूद कुलदीप बारात लेकर आने के लिए राजी नहीं हुआ और अपनी मां के साथ वापस लौट गया।बताया जा रहा है कि इसके बाद दोनों तरफ से पुलिस को मामले की सूचना दी गई।
दुल्हन के पिता ने लड़केवालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।