पणजी: लांसेट की ताजा काउंटडाउन रिपोर्ट के अनुसार, भारत में 2016 से 2025 के बीच अत्यधिक गर्मी के कारण हर साल औसतन 193 अरब संभावित श्रम घंटों (labour hours) का नुकसान हुआ. यह 1990 के दशक के वार्षिक औसत से 75 प्रतिशत अधिक है. साल 2025 में गर्मी के कारण काम करने की क्षमता में आई कमी से होने वाली संभावित कमाई का नुकसान भारत के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के 4.2 प्रतिशत के बराबर था, जबकि वैश्विक स्तर पर यह आंकड़ा 0.91 प्रतिशत था.

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के सहयोग से और यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन के नेतृत्व में तैयार की गई ‘द लांसेट काउंटडाउन ऑन हेल्थ एंड क्लाइमेट चेंज’ की 10वीं रिपोर्ट 27 अक्टूबर को प्रकाशित हुई.

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि 2016 से 2025 के बीच भारत के लोगों ने जितने दिन अत्यधिक गर्मी (हीटवेव) का सामना किया, उनमें से आधे दिन सीधे तौर पर जलवायु परिवर्तन के कारण थे.

रिपोर्ट से जुड़े वैज्ञानिकों ने जलवायु परिवर्तन को औपचारिक रूप से वैश्विक स्वास्थ्य आपातकाल के रूप में मान्यता देने और इससे निपटने की मांग की है. उन्होंने कहा कि इस संकट को रोकने के लिए जलवायु नीतियों और वित्तीय प्राथमिकताओं के केंद्र में स्वास्थ्य को रखा जाना चाहिए.

‘द लांसेट काउंटडाउन ऑन हेल्थ एंड क्लाइमेट चेंज’ एक वार्षिक आकलन है, जो बताता है कि जलवायु परिवर्तन मानव स्वास्थ्य को किस तरह प्रभावित कर रहा है और जलवायु संबंधी कार्रवाई से लोगों के स्वास्थ्य की रक्षा कैसे की जा सकती है.

2026 की रिपोर्ट में पांच प्रमुख क्षेत्रों के 54 संकेतकों (indicators) का आकलन किया गया है. इनमें स्वास्थ्य संबंधी खतरे और प्रभाव, अनुकूलन और लचीलापन, उत्सर्जन में कमी और उससे होने वाले स्वास्थ्य लाभ, अर्थव्यवस्था और वित्त व जनभागीदारी और राजनीतिक सहभागिता शामिल हैं.

इन संकेतकों के तहत लू के संपर्क में आने, गर्मी से होने वाली मौतों, काम के घंटों के नुकसान, नींद में कमी, सूखे, संक्रामक बीमारियों के खतरे, खाद्य सुरक्षा और वायु प्रदूषण से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी लागत का आकलन किया गया है.

30 से अधिक देशों के 100 से अधिक संस्थानों से जुड़े लगभग 150 वैज्ञानिकों ने इस रिपोर्ट का 10वां संस्करण तैयार किया है, जिसे 27 अक्टूबर को प्रकाशित किया गया.

इस ताजा रिपोर्ट में चार नए संकेतक भी शामिल किए गए हैं. इनमें भूमि पर पानी की उपलब्धता, स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र के ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन का आकलन, जलवायु संबंधी स्वास्थ्य अनुसंधान के लिए मिलने वाली फंडिंग और जलवायु परिवर्तन तथा स्वास्थ्य से जुड़े विधायी प्रयास शामिल हैं.

रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2023 में दुनिया भर में गर्मी के कारण लगभग 7.10 लाख लोगों की मौत हुई. इनमें से 71.5 प्रतिशत मौतों के लिए जलवायु परिवर्तन को जिम्मेदार माना गया. कुल मिलाकर, 2016 से 2023 के बीच जलवायु परिवर्तन के कारण गर्मी से लगभग 30 लाख लोगों की मौत होने का अनुमान है.

विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक टेड्रोस एडनॉम घेब्रेयेसस ने रिपोर्ट में कहा, ‘इसके सबूत स्पष्ट हैं: जलवायु परिवर्तन मानवता के स्वास्थ्य के लिए सबसे बड़े खतरों में से एक है. इसके प्रभाव पहले से ही दिखाई दे रहे हैं- जैसे कि गर्मी का बढ़ता तनाव, अत्यधिक मौसमी घटनाएं, खाद्य असुरक्षा और बीमारियां.’

उन्होंने आगे कहा, ‘लेकिन यह रिपोर्ट हमें यह भी याद दिलाती है कि समाधान हमारी पहुंच में हैं. जलवायु नीतियों के केंद्र में स्वास्थ्य को रखकर हम लाखों लोगों की जान बचा सकते हैं, अधिक लचीले समाज का निर्माण कर सकते हैं और सभी के लिए एक स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित कर सकते हैं.’

रिपोर्ट में पाया गया है कि जलवायु परिवर्तन से जुड़े स्वास्थ्य संबंधी कई खतरे पेरिस समझौते की शुरुआत के बाद वाले दशक में उससे पहले के दशक की तुलना में अधिक तेजी से बढ़े हैं. स्वच्छ ऊर्जा, स्वास्थ्य प्रणालियों और स्वास्थ्य संरक्षण से जुड़े कानूनों में प्रगति से कुछ लाभ जरूर हुए हैं, लेकिन रिपोर्ट के मुताबिक ये लाभ जलवायु परिवर्तन के कारण बढ़ते स्वास्थ्य प्रभावों की तुलना में बहुत कम हैं.

जलवायु परिवर्तन भारत पर स्वास्थ्य का बोझ बढ़ा रहा है