नई दिल्ली: दिल्ली में इस साल दशक की सबसे प्रदूषित दिवाली में से एक दर्ज की गई. 8 नवंबर, 2026 को राजधानी में इस साल का चौथा सबसे अधिक दैनिक औसत पीएम 2.5 स्तर दर्ज किया गया. यह जानकारी 2016 से 2026 के बीच दिवाली के आसपास के दिनों के हवा गुणवत्ता आंकड़ों के विश्लेषण में सामने आई है.

सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (सीआरईए) द्वारा किए गए इस विश्लेषण के मुताबिक, दिवाली के दिन दिल्ली में पीएम 2.5 का औसत स्तर 257 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर (µg/m³) रहा. इसके साथ ही 8 नवंबर 2026 का अब तक का साल का चौथा सबसे प्रदूषित दिन रहा. वहीं, 2016 के बाद से यह राजधानी की चौथी सबसे प्रदूषित दिवाली भी रही.

2016 से 2026 के बीच दिवाली और उसके आसपास के दिनों में पीएम2.5 के दैनिक स्तरों की तुलना करने पर पता चला कि 2026 की दिवाली इस दौरान की चौथी सबसे प्रदूषित दिवाली रही.

साल-दर-साल के आंकड़ों में काफी अंतर देखने को मिलता है. साल 2020 में दिवाली उस साल के सबसे प्रदूषित दिनों में तीसरे स्थान पर थी, जबकि 2021 में यह दसवें स्थान पर रही. 2023 में दिवाली का स्थान 98वां और 2025 में 32वां था. वहीं, 2026 में दिवाली का चौथे स्थान पर रहना इस अवधि के सबसे खराब आंकड़ों में से एक है.

विश्लेषण से यह भी पता चलता है कि दिवाली से पहले के दिनों में भी प्रदूषण का स्तर काफी अधिक था. 5, 6 और 7 नवंबर को दिल्ली में इस साल के छठे, सातवें और आठवें सबसे प्रदूषित दिन दर्ज किए गए. इसका मतलब है कि दिवाली का जश्न शुरू होने से पहले ही दिल्ली की हवा में प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ा हुआ था.

प्रदूषण के सबसे अधिक स्तर के दौरान निगरानी आंकड़ों में कमी पर सवाल

इस विश्लेषण में प्रदूषण के सबसे अधिक स्तर वाले समय के दौरान शहर की हवा गुणवत्ता निगरानी आंकड़ों में बड़ी कमियां भी सामने आई हैं.

9 नवंबर को रात 1 बजे, जब हवा स्थिर होने के कारण प्रदूषण का स्तर अपने चरम पर था, उस समय 36 निगरानी केंद्रों से पीएम2.5 के प्रति घंटे के आंकड़े उपलब्ध नहीं थे. इन केंद्रों से आंकड़े नहीं मिलने के कारण सवाल उठता है कि अगर ये केंद्र काम नहीं कर रहे थे, तब उन घंटों के दौरान जब प्रदूषण सबसे गंभीर था, निगरानी व्यवस्था हवा की वास्तविक स्थिति का कितना सही आकलन कर पाई.

एक और चिंता केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के कंटीन्यूअस एम्बिएंट एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग (सीपीसीबी-सीसीआर) के सार्वजनिक पोर्टल पर दिखाई जाने वाली अधिकतम सीमा को लेकर है. सिरी फोर्ट निगरानी केंद्र पर पीएम2.5 का स्तर 1,000 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया, जो इस पोर्टल पर दिखाई जाने वाली अधिकतम रीडिंग है.

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डबल्यूएचओ) की सिफारिश है कि पीएम2.5 का स्तर 24 घंटे की अवधि में 15 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर और सालाना औसत में 5 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से अधिक नहीं होना चाहिए.

भारत के राष्ट्रीय परिवेशी वायु गुणवत्ता मानकों (एनएएक्यूएस) के मुताबिक, पीएम2.5 का 24 घंटे का स्वीकार्य स्तर 60 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर और सालाना औसत 40 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर निर्धारित किया गया है.

विश्लेषण के मुताबिक, सीपीसीबी का पोर्टल 1,000 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से अधिक की रीडिंग नहीं दिखाता. ऐसे में सवाल उठता है कि बेहद अधिक प्रदूषण के स्तर को सार्वजनिक रूप से उपलब्ध आंकड़ों में पूरी तरह कैसे दर्ज किया जा रहा है, खासकर तब जब प्रदूषण बहुत गंभीर स्थिति में हो?

इस विश्लेषण के नतीजों ने दिल्ली के वायु गुणवत्ता संबंधी आंकड़ों की उपलब्धता और पारदर्शिता को लेकर सवाल और बढ़ा दिए हैं. द वायर की एक पिछली रिपोर्ट में भी यह मुद्दा उठाया गया था. उस रिपोर्ट में दिल्ली के वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों के कामकाज और उनकी जगहों को लेकर चिंताएं जताई गई थीं.