नई दिल्ली: अमेरिकी अभियोजन पक्ष की ओर से दाखिल एक दस्तावेज के मुताबिक, रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (रॉ) के पूर्व अधिकारी विकास यादव ने मणिपुर की राजधानी इम्फाल में एक विमान को हवाई अड्डे से मंजूरी दिलाने की पेशकश की थी.

बताया गया था कि विमान में ड्रग्स (नशीले पदार्थ) ले जाए जा रहे थे. इसके अलावा, उन्होंने प्रस्तावित ड्रग्स और हथियारों के सौदे के तहत एके-56 राइफलें और एम-20 पिस्तौल उपलब्ध कराने की भी पेशकश की थी. यह सौदा न्यूयॉर्क में सिख अलगाववादी नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश से जुड़ा था.

ये नए खुलासे अमेरिकी अभियोजकों की ओर से निखिल गुप्ता को सजा सुनाए जाने से पहले अदालत में दाखिल किए गए एक दस्तावेज में किए गए हैं. अभियोजकों ने न्यायाधीश से निखिल गुप्ता को 24 साल से कुछ अधिक की जेल की सजा देने की मांग की है.

गुप्ता ने हत्या की साजिश में अपनी भूमिका स्वीकार करते हुए अपराध कबूल कर लिया था. उन्हें 20 नवंबर को न्यूयॉर्क के दक्षिणी जिले के अमेरिकी जिला न्यायाधीश विक्टर मारेरो सजा सुनाएंगे.

सजा को लेकर अदालत में दाखिल अपने पक्ष में अभियोजन पक्ष ने 235 से 293 महीने की निर्धारित अवधि के ऊपरी स्तर पर सजा देने की मांग की है. इसका मतलब यह हुआ कि निखिल गुप्ता को 235 से 293 महीने (करीब 19 साल 7 महीने से 24 साल 5 महीने) की जेल की सजा हो सकती है और अभियोजन पक्ष चाहता है कि इस सीमा में सबसे अधिक यानी 293 महीने की सजा दी जाए.

अभियोजन पक्ष ने इस मामले को अमेरिकी धरती पर एक अमेरिकी नागरिक की ‘राजनीतिक हत्या की कोशिश’ बताया है.

अमेरिकी अटॉर्नी की ओर से अदालत में दाखिल यह पहला सार्वजनिक दस्तावेज है, जिसमें स्पष्ट रूप से गुरपतवंत सिंह पन्नू को हत्या की साजिश का निशाना बताया गया है. हालांकि, पन्नू पहले भी सार्वजनिक रूप से खुद को इस कथित साजिश का निशाना बता चुके हैं.

अभियोजन पक्ष ने अदालत से आग्रह किया कि ‘ऐसी सजा दी जाए जो अपराध की गंभीरता के अनुरूप हो और यह संदेश दे कि इस देश में लोगों की आवाज को हिंसा के जरिए दबाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी.’

अभियोजन पक्ष ने पन्नू की ओर से अदालत में दिए गए लिखित बयान का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने बताया था कि इस घटना का उन पर क्या असर पड़ा. अभियोजन पक्ष के मुताबिक, इस बयान से पता चलता है कि इस साजिश ने कार्यकर्ताओं के पूरे समुदाय की सुरक्षा की भावना को गहरा नुकसान पहुंचाया है.

बचाव पक्ष का कहना है कि हत्या की साजिश से गुप्ता को कोई आर्थिक लाभ नहीं मिलने वाला था

गुप्ता के बचाव पक्ष ने अदालत से उन्हें 144 महीने यानी 12 साल की जेल की सजा देने की मांग की है. उसने इस मामले में प्रोबेशन ऑफिस की सिफारिश का समर्थन किया है.

बचाव पक्ष का तर्क है कि सजा तय करने के लिए इस्तेमाल किए गए दिशानिर्देशों के तहत गुप्ता की भूमिका और जिम्मेदारी को वास्तविकता से कहीं अधिक गंभीर बताया गया है. उसका कहना है कि हत्या की साजिश से गुप्ता को कोई आर्थिक लाभ नहीं मिलने वाला था और वह उस भारतीय सरकारी कर्मचारी के दबाव में काम कर रहे थे, जिसने उन्हें इस साजिश में शामिल किया था.

दिल्ली के 55 वर्षीय निवासी गुप्ता ने 13 फरवरी 2026 को इस साजिश से जुड़े तीन आरोपों में अपना अपराध स्वीकार कर लिया था. इनमें पैसे देकर हत्या कराने की साजिश, पैसे देकर हत्या कराने और मनी लॉन्ड्रिंग की साजिश के आरोप शामिल हैं.

अमेरिका के अनुरोध पर 30 जून 2023 को चेक गणराज्य में उन्हें गिरफ्तार किया गया था. इसके बाद 14 जून 2024 को प्रत्यर्पित कर न्यूयॉर्क लाया गया. गिरफ्तारी के बाद से ही वह हिरासत में हैं.