सिलक्यारा में बीते 12 नवंबर की सुबह निर्माणाधीन सुरंग टूटने से बड़ा हादसा हो गया था। उस दौरान कंपनी ने सुरंग में 40 श्रमिकों के फंसे होने और उनके नामों की सूची प्रशासन को सौंपी थी। पिछले सात दिन से 40 श्रमिकों को बचाने के लिए युद्ध स्तर पर बचाव कार्य चल रहा था। इधर, अब सुरंग में 41 श्रमिकों के फंसे होने की जानकारी सामने आने से कंपनी की घोर लापरवाही को लेकर लोग तमाम सवाल उठा रहे हैं।

सिलक्यारा में सुरंग के भीतर फंसे मजदूरों की तादात भी संंबंधित कंपनी को पता नहीं चल पाई। पूर्व में 40 श्रमिक फंसे होने की जानकारी कंपनी ने दी थी। इसी बीच अब भीतर 41 श्रमिक फंसे होने की बात सामने आई है। सात दिन बाद पता चला कि सुरंग में बिहार के मुजफ्फरपुर के गिजास टोला निवासी दीपक कुमार भी फंसा हुआ है।

तमाम कोशिशों के बाद सात दिन बीतने पर भी फंसे हुए श्रमिकों को बाहर नहीं निकाला जा सका है। अब रेस्क्यू में सहयोग के लिए रेल विकास निगम लिमिटेड की ऑस्ट्रेलिया की कंसल्टेंसी कंपनी के विशेषज्ञ उत्तरकाशी पहुंच चुके गए हैं।