देशभर में धान की खेती शुरू हो गई है और किसानों ने नर्सरी भी डाल दी है। लेकिन इस बार कई जगहों से शिकायतें आ रही हैं कि नर्सरी में पौधे पीले पड़ रहे हैं या सूख रहे हैं। ऐसे में रोपाई के लिए अच्छी पौध तैयार नहीं हो पा रही है, जो कि सीधी पैदावार पर असर डाल सकती है। अगर आपकी नर्सरी में भी ऐसा हो रहा है, तो घबराने की जरूरत नहीं है, नीचे दिए उपाय अपनाकर आप अपनी नर्सरी को फिर से हरा-भरा बना सकते हैं।
पौधे पीले हो रहे हैं? तो पोषक तत्वों की कमी हो सकती है
अगर पौधे पीले पड़ने लगे हैं, तो इसका सबसे बड़ा कारण ज़िंक, नाइट्रोजन और फास्फोरस जैसे पोषक तत्वों की कमी हो सकती है।
उपाय:
•2 किलो यूरिया को 200 लीटर पानी में घोलकर छिड़काव करें।
•इसके अलावा, 1 किलो जिंक सल्फेट को भी 200 लीटर पानी में घोलकर अलग से छिड़काव करें।
ध्यान रखें: यूरिया और जिंक सल्फेट को एक साथ न मिलाएं।
न पानी ज्यादा, न कम – संतुलन बनाए रखें
बहुत ज्यादा पानी या बहुत कम पानी, दोनों ही पौधों के लिए नुकसानदायक है।
•ज्यादा पानी से “आर्द्र गलन” (Damping Off) जैसी बीमारी हो सकती है, जिसमें पौधा नीचे से सड़कर गिरने लगता है।
उपाय:
•एक बार फफूंदनाशक (Fungicide) का छिड़काव जरूर करें।
•खेत में नमी बनी रहे, इसका ध्यान रखें, लेकिन पानी जमा न होने दें।
खैरा और बीएलबी जैसी बीमारियों से रखें सावधानी
•खैरा रोग: अगर पत्तियों पर भूरे रंग के धब्बे दिखाई दें, तो यह जिंक की कमी से हो सकता है।
उपाय: 0.5% जिंक सल्फेट का छिड़काव करें।
•BLB (बैक्टीरियल लीफ ब्लाइट): यह एक बैक्टीरिया जनित बीमारी है, जो पत्तियों को पीला कर सुखा देती है।
उपाय: कॉपर ऑक्सीक्लोराइड का छिड़काव करें।
नर्सरी को हेल्दी रखने के आसान टिप्स
•समय-समय पर निराई-गुड़ाई करें ताकि खरपतवार न उगें और पौधों को भरपूर पोषण मिले।
•छोटे पौधों को सीधी धूप से बचाएं – नर्सरी में छाया की व्यवस्था करें।
•कीट या बीमारी का शुरुआती लक्षण दिखे, तो तुरंत दवा का छिड़काव करें।
•पौधों पर नजर बनाए रखें – छोटी सी लापरवाही भी फसल को नुकसान पहुंचा सकती है।
याद रखें
अच्छी नर्सरी ही अच्छी फसल की बुनियाद है। इसलिए समय रहते समस्या पहचानें और उपाय करें, ताकि रोपाई के समय मजबूत और हरे-भरे पौधे तैयार मिलें।
किसान भाइयों! इस बार नर्सरी की देखभाल में कोई कोताही न बरतें, तभी मिलेगी बंपर पैदावार।
यह भी पढ़ें:
•धान की खेती: पहली बारिश के बाद क्या करना है जरूरी?
•खरीफ फसलों की बुवाई में हो रहा इजाफा, अच्छे मानसून से किसानों में उत्साह
•धान की खेती में अपनाएं ये आसान टिप्स, बढ़ेगी पैदावार