राधास्वामी सत्संग सभा दयालबाग के वरिष्ठ पदाधिकारी का एक इशारा और सत्संगियों की सेना पुलिस पर टूट पड़ी। गेट के पास ई-रिक्शा में बैठे पदाधिकारी का इशारा मिलते ही पुलिस पर पथराव कर दिया गया। रविवार शाम को पुलिस पर हुए पथराव के बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर जारी हुआ तो लोग चौंक उठे।

राधास्वामी सत्संग सभा ने रविवार की शाम पुलिस पर हमले में कीलें लगे डंडों का इस्तेमाल किया। ऐस ही डंडों का इस्तेमाल पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में 15 जून, 2020 को चीन के सैनिकों ने भारतीय सेना के जवानों पर हमले के दौरान किया था।

आगरा में राधास्वामी सत्संग सभा दयालबाग के अवैध कब्जा कर बनाए गेट को रविवार की शाम तीसरी बार हटाने पहुंची पुलिस-प्रशासन की टीम पर सत्संगियों ने हमला बोल दिया। पुलिस को चारों ओर से घेरकर पथराव किया, जिसमें 12 पुलिसकर्मियों समेत 40 लोग घायल हो गए।

शनिवार को प्रशासन ने टेनरी पर गेट नंबर 8 और श्मशान घाट रोड पर बनी दीवार और गेट को ढहाया था, लेकिन दो बार ढहाने के बाद रात में सत्संगियों ने गेट पर तार लगा दिए थे। पथराव में नगर निगम का बुलडोजर, ट्रक और ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हो गए।