भाग्यनगर ब्लॉक की ग्राम पंचायत दखलीपुर में कृषि विभाग द्वारा S.M.A.E./आत्मा योजना के अंतर्गत एक दिवसीय युवा कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवा किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़कर खेती को अधिक लाभकारी बनाना रहा।
कार्यक्रम में नगर पंचायत दिबियापुर के अध्यक्ष राघव मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि आधुनिक खेती अपनाकर किसान कम लागत में अधिक उत्पादन कर सकते हैं। उन्होंने उन्नत बीजों के चयन, जैविक खेती, फसल संरक्षण तथा केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी और युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
सहायक विकास अधिकारी (कृषि) निर्देश राजपूत ने बताया कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को वास्तविक खेत और गांव की परिस्थितियों से जोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों को अपनाकर ग्रामीण क्षेत्र में रहते हुए भी किसान बेहतर आय अर्जित कर सकते हैं।
प्रशिक्षण के दौरान किसानों को फसल उत्पादन, मृदा एवं जल प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण, पशुपालन तथा कृषि यंत्रीकरण से संबंधित गतिविधियों की व्यावहारिक जानकारी दी गई।
सहायक तकनीकी प्रबंधक (कृषि) निशांत चतुर्वेदी ने खेत की तैयारी, बुवाई, उर्वरक प्रबंधन, सिंचाई, खरपतवार नियंत्रण, कटाई और उपज के सुरक्षित भंडारण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान मोहित सिंह, राजेंद्र सिंह गौर सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामवासी, युवा किसान एवं महिलाएं शामिल हुईं और प्रशिक्षण को उपयोगी बताया।