आगरा के श्यामो मोड़ के पास रविवार को ओवरलोड ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दंपती और उनके मासूम बच्चे के साथ हुए हादसे का सीसीटीवी फुटेज मंगलवार को सामने आया। हादसे में सात माह के बच्चे शिवाय की मौके पर ही मौत हो गई थी। उसकी मां रश्मि देवी का पैर ट्रक के पहिये से कुचल गया, जबकि पिता सतेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया था। निबोहरा के रामगढ़ निवासी देवेंद्र सिंह ने बताया कि 22 नवंबर को उनके भतीजे सतेंद्र सिंह पत्नी रश्मि देवी और बेटे शिवाय को बाइक से लेकर शहीद नगर स्थित चिकित्सक के यहां से दवा दिलाकर लौट रहे थे। शाम करीब 3:45 बजे श्यामो मोड़ के पास आगरा की ओर से आ रहे राजस्थान नंबर के ओवरलोड ट्रक ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में शिवाय की मौके पर मौत हो गई। सतेंद्र और रश्मि का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। परिजन ने ट्रक चालक और परिचालक पर शराब के नशे में होने का आरोप लगाया है। एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र नागर ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ट्रक और चालक की तलाश शुरू कर दी है।