उत्तर प्रदेश सरकार ने स्वदेशी गायों के संरक्षण, नस्ल सुधार और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से पशुपालकों को बड़ी राहत दी है। नंद बाबा दुग्ध मिशन के तहत संचालित मुख्यमंत्री प्रगतिशील पशुपालक प्रोत्साहन योजना में अब स्वदेशी गाय पालने पर पशुपालकों को 10 हजार से 15 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डी.के. पांडेय ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य उच्च दुग्ध उत्पादकता और बेहतर गुणवत्ता वाली स्वदेशी गायों के पालन को बढ़ावा देना है। योजना के अंतर्गत गिर, साहीवाल, हरियाणा, गंगातीरी और थारपारकर नस्ल की गायों को शामिल किया गया है।
योजना के तहत यदि गाय प्रतिदिन 8 से 12 किलो दूध देती है तो पशुपालक को 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी, जबकि 12 किलो से अधिक दूध देने वाली गाय पर 15 हजार रुपये का प्रोत्साहन दिया जाएगा। चयन प्रक्रिया में गायों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय श्रेणी में वर्गीकृत किया जाएगा।
पशुपालकों को इस योजना के तहत अधिकतम दो स्वदेशी गायों के लिए एक बार प्रोत्साहन राशि का लाभ मिलेगा। इच्छुक पशुपालक नंद बाबा दुग्ध मिशन के पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
सरकार का मानना है कि इस योजना से न केवल स्वदेशी नस्लों का संरक्षण होगा, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ दुग्ध उत्पादन में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।