उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ योगी सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला प्रशासन और खनन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में खनन माफियाओं पर नकेल कसते हुए करोड़ों रुपये का जुर्माना वसूला गया है। बीते सत्र में दर्जनों मामलों में सख्त कार्रवाई कर सरकारी खजाने में भारी राजस्व जमा कराया गया है।
जिला खनन अधिकारी (एमओ) राज रंजन ने जानकारी देते हुए बताया कि इस सत्र में अवैध खनन के कुल 22 मामले सामने आए। इन मामलों में विभाग ने लगभग 4 करोड़ 30 लाख रुपये का जुर्माना लगाकर वसूली की है। अवैध खनन से जुड़े चार मामलों में एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।
उन्होंने बताया कि अवैध परिवहन पर भी सख्ती बरती गई है। अवैध तरीके से खनिज का परिवहन करने वाली कुल 1260 गाड़ियों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जिनसे 5 करोड़ 97 लाख रुपये से अधिक की वसूली हुई है। साथ ही 199 प्रकरणों में न्यायालय में परिवाद दर्ज कराया गया है।
जिला खनन अधिकारी ने कहा कि दिसंबर माह में भी लगातार कार्रवाई जारी रही और इसी दौरान करीब दो करोड़ रुपये का अतिरिक्त जुर्माना लगाया गया है। प्रशासन का दावा है कि आगे भी अवैध खनन व परिवहन के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।