पडरौना (कुशिनगर):धान खरीद को तेज़ी देने के लिए खाद्य विभाग ने इस बार अतिरिक्त तैयारी की है। जिले में पहले निर्धारित 62 क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाकर अब 72 कर दी गई है, ताकि किसानों को धान बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो। पिछले 16 दिनों में 129 किसानों से 886 क्विंटल धान की खरीद हो चुकी है।

विभाग के अनुसार, जिन किसानों ने अभी तक पंजीकरण नहीं कराया है, वे 30 नवंबर तक ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। पहले यह तिथि 31 अक्टूबर तय थी, लेकिन किसानों की सुविधा के लिए इसे बढ़ा दिया गया है। केंद्रों पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक खरीद की व्यवस्था की गई है और जगह-जगह होर्डिंग व बैनर लगाए गए हैं।

इस बार धान का समर्थन मूल्य 2369 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। शासन ने जिले के लिए 99 हजार टन खरीद लक्ष्य निर्धारित किया है। नए बनाए गए केंद्रों में खाद्य विभाग के 24, पीसीएफ के 29, पीसीयू के 20 और एफसीआई का एक केंद्र शामिल है। विभाग का कहना है कि आवश्यकता पड़ने पर केंद्रों की संख्या और भी बढ़ाई जा सकती है।

पंजीकरण व सत्यापन में देरी से किसान परेशान

किसानों का कहना है कि पंजीकरण के बाद सत्यापन में हो रही देरी की वजह से उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। इसे देखते हुए अधिकारी लगातार क्रय केंद्रों का निरीक्षण कर प्रक्रियाओं को सुचारू करने में जुटे हैं।

मोबाइल नंबर अपडेट करना जरूरी

विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि आधार कार्ड, बैंक पासबुक और मोबाइल नंबर अवश्य अपडेट करा लें। यदि मोबाइल नंबर अपडेट नहीं होगा, तो खरीद या भुगतान प्रक्रिया में दिक्कत आ सकती है।