पटनाः बिहार में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने बड़ी पहल की है। औद्योगिक क्षेत्रों को विस्तार देने के क्रम में तीन जिलों नालंदा, समस्तीपुर और शेखपुरा में नए औद्योगिक क्षेत्र के गठन की मंजूरी दी है। इन स्थानों पर 1294.37 एकड़ जमीन चिह्नित की गई है, जिन्हें विकसित करने के लिए 706.51 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में इससे संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
इस दौरान 34 एजेंडों को मंजूरी दी गई।नालंदा में जमीन अधिग्रहण के लिए 382 करोड़ मंजूरमंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी ने कहा कि नालंदा जिला के इस्लामपुर अंचल के ब्रहगांव में 564.37 एकड़ जमीन आधारभूत संरचना विकास प्राधिकार के माध्यम से अधिग्रहण किया जाएगा। इसके लिए 382 करोड़ 23 लाख 46 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसी तरह समस्तीपुर जिला के खानपुर अंचल के सिवैसिंगपुर मौजा में 144 एकड़, नत्थुद्वार मौजा में 318 एकड़ और विशनपुर आभी मौजा में 18 एकड़ जमीन अधिग्रहण का प्रस्ताव है। यानी कुल 480 एकड़ जमीन का अधिग्रहण करने के लिए 261 करोड़ 91 लाख 31 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है।शेखपुरा में जमीन अधिग्रहण के लिए 62.37 करोड़ स्वीकृतवहीं, शेखपुरा जिले के चेवाड़ा अंचल के हंसापुर मौजा में 71 एकड़, अस्थावां मौजा में 135 एकड़ और बेंगुचा में 44 एकड़ यानी कुल 250 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा, जिसके लिए 62 करोड़ 37 लाख 37 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है।
उन्होंने बताया कि फरवरी, 2027 में बिहार बिजनेस कनेक्ट- 2027 का आयोजन होने जा रहा है। बिहार है तैयार अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम के लिए एक एजेंसी का चयन 1 दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक के लिए किया गया है।11 डॉक्टर सेवा से हुए बर्खास्तस्वास्थ्य विभाग ने 5 वर्ष या इससे अधिक समय तक नौकरी से बिना सूचना के अनुपस्थित या गायब रहने वाले 11 डॉक्टरों को सेवा से बर्खास्त कर दिया है।
इसकी मंजूरी राज्य कैबिनेट ने दे दी है। ये सभी डॉक्टर सहरसा, भागलपुर, सुपौल, बांका और मधेपुरा जिलों में अलग-अलग स्थानों पर स्थित सदर अस्पताल या सामुदायिक अस्पताल समेत ऐसे अन्य स्थानों पर तैनात थे। इसके अतिरिक्त आईजीआईएमएस में स्थापित स्टेट कैंसर सेंटर के लिए कई पदों के सृजन के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।राज्य खेल संघ के लिए मार्गदर्शिका तैयारसम्राट चौधरी कैबिनेट ने राज्य खेल संघ अनुदान मार्गदर्शिका- 2026 तैयार की है।
इसकी मदद से खेल संघों के लिए मानक तय किए गए हैं, जिसके आधार पर इन खेल संघों को प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए अनुदान प्रदान किया जाएगा। राज्य सरकार ने बिहार खनिज (समानुदान, अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण निवारण) (तृतीय संशोधन) नियमावली, 2026 को स्वीकृति दी है। इससे राज्य में अवैध खनन समेत अन्य सभी गतिविधियों पर नकेल कसने में सुविधा होगी।सोन नदी का जल औरंगाबाद समेत अन्य जिलों में पहुंचाने की योजनाराज्य कैबिनेट ने सोन नदी के सतही जल का उपयोग करते हुए औरंगाबाद, डिहरी और सासाराम क्षेत्रों में पेयजल उपलब्ध कराने का फैसला लिया है।
इसके लिए 1 हजार 347 करोड़ 32 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसका कार्य मार्च 2027 तक पूरा करा लिया जाएगा। इससे वर्तमान में करीब 8 लाख और 2051 में 12 लाख की आबादी को पेयजल सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी। योजना का विस्तृत डिजाइन का तकनीकी परीक्षण एवं अनुमोदन आईआईटी, रुड़की और आईआईटी, दिल्ली जैसे संस्थानों से कराया गया है।अमृत-2.0 के तहत पटना के लिए जलापूर्तिनगर विकास एवं आवास योजना के अंतर्गत केंद्र प्रायोजित अटल नवीकरण और शहरी परिवर्तन मिशन (अमृत 2.0) पटना जलापूर्ति योजना के लिए 1 हजार 794 करोड़ 32 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
इसके तहत पटना के 75 वार्डों के 2 लाख 18 हजार 585 घरों तक जल पहुंचाने के लिए दानापुर, दीदारगंज समेत अन्य स्थानों पर जल मीनार, इनटेक वेल समेत अन्य संरचनाओं का निर्माण कराया जाएगा।ग्राम कचहरी के खर्च की सीमा बढ़ीराज्य सरकार की ओर से प्रत्येक ग्राम कचहरी को प्रशासनिक व्यय के लिए अब प्रतिवर्ष 24 हजार रुपये दिए जाएंगे।
यह आदेश 1 अप्रैल 2027 के प्रभाव से लागू होगा। पहले यह राशि प्रतिवर्ष 4 हजार रुपये प्रदान की जाती थी। इसके अलावा राज्य स्कीम के तहत प्राक् परीक्षा प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत पिछड़े वर्ग एवं अत्यंत पिछड़े वर्ग के छात्र-छात्राओं को यूपीएससी या बीपीएससी, एसएससी, बैंकिंग, रेलवे समेत अन्य प्रतियोगिता परीक्षाओं की मुफ्त तैयारी के लिए पहले से संचालित ऑफलाइन 38 प्राक परीक्षा प्रशिक्षण केंद्रों के स्थान पर अब सभी जिलों में एक-एक प्राक परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र का संचालन हाइब्रिड मोड में किया जाएगा।
इसकी मंजूरी भी राज्य सरकार ने दी है।बिहार आर्थिक सलाहकार परिषद का होगा गठनकैबिनेट ने एक अहम एजेंडों को स्वीकृति प्रदान की है। इसके तहत राज्य में बिहार आर्थिक सलाहकार परिषद का गठन होने जा रहा है। यह परिषद मुख्यमंत्री को राज्य के आर्थिक मामलों से संबंधित विषयों पर सुझाव देगी। लोक वित्त को सुदृढ़ करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है।
इसमें अध्यक्ष समेत 5 सदस्य होंगे। अध्यक्ष ख्यातिप्राप्त अर्थशास्त्री होंगे। जबकि अध्यक्ष की अनुशंसा पर सदस्य नामित होंगे। वित्त विभाग के सचिव (व्यय) इसके सचिव होंगे।पटना में बनेगा एसटीएफ का मुख्यालयपटना के लोदीपुर में विशेष कार्य बल (एसटीएफ) का मुख्यालय जल्द बनकर तैयार होगा। कैबिनेट ने इसके लिए प्रशासनिक स्वीकृति की अवधि को एक वर्ष के लिए विस्तार दिया गया है।
इसके अलावा पटना में बिहार संग्रहालय के सामने नेहरू पथ और मैगल्स रोड को आइकॉनिक ट्रेड सेंटर या वाणिज्यिक भवन या कार्यालय भवन एवं आवासीय भवन के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए एनबीसीसी लिमिटेड को नामांकन के आधार पर चयन की स्वीकृति दी गई है।कैबिनेट की बैठक में ऐतिहासिक पहल, अब होगी ई-कैबिनेटमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता वाली 25 नवंबर को आयोजित कैबिनेट की बैठक में एक ऐतिहासिक पहल की गई।
ई-कैबिनेट प्रणाली के माध्यम से बैठक आयोजित हुई। हालांकि अभी पूरी तरह से कैबिनेट की बैठक को पेपरलेस करते हुए डिजिटल माध्यम से करने में थोड़ा समय लगेगा, लेकिन इस क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रयास किए गए।