प्रमोद तिवारी, भीलवाड़ा: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले से एक ऐसी अनूठी और हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जिसने आम जनता से लेकर पुलिस प्रशासन तक सभी को सोच में डाल दिया है। जिले के मांडल कस्बे में स्थित प्रसिद्ध सांवरिया सेठ मंदिर में हुई एक चोरी और उसके दो दिन बाद घटे घटनाक्रम की पूरे इलाके में जोरदार चर्चा हो रही है।
यहां एक चोर ने पहले तो आस्था के साथ मंदिर में माथा टेका और करीब 2 लाख रुपये के गहने चुरा लिए, लेकिन महज 48 घंटे के भीतर ही उसका हृदय परिवर्तन हो गया। वह न केवल चुराए गए सारे आभूषण वापस लौटा गया, बल्कि प्रायश्चित के तौर पर 201 रुपये का नकद चढ़ावा भी समर्पित कर गया।सीसीटीवी में कैद हुई चोर की 'अनोखी आस्था'यह पूरा घटनाक्रम मांडल कस्बे के मोहन कॉलोनी स्थित सांवरिया सेठ मंदिर का है।
बीते मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे एक चोर सिर पर कैप और काली टी-शर्ट पहने, पीठ पर बैग टांगे मंदिर परिसर में दाखिल हुआ। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि चोरी जैसी वारदात को अंजाम देने से पहले उसने बेहद आदर के साथ सांवरिया सेठ की प्रतिमा को प्रणाम किया, धोक लगाई और बाकायदा परिक्रमा भी की।इसके बाद वह मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कर गया।
उसने भगवान के विग्रह पर सजे चांदी का मुकुट, बांसुरी, हाथों के आठ कड़े और पैरों के दो कड़े, जिनकी कुल कीमत लगभग 2 लाख रुपये बताई जा रही है, उन्हें बैग में भरा और चुपचाप फरार हो गया।दो दिन बाद 201 रुपये की भेंट के साथ लौटाए गहनेमंगलवार की चोरी के बाद मंदिर कमेटी और श्रद्धालुओं में भारी मायूसी थी, लेकिन गुरुवार दोपहर को जो हुआ उसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।
चोर बाइक पर सवार होकर आया और मंदिर के पीछे वाली गली में अपनी बाइक खराब होने का नाटक करने लगा। उस समय मंदिर के मुख्य द्वार पर ताला लगा हुआ था।चोर ने मौका पाकर आभूषणों से भरी पोटली को मंदिर परिसर के अंदर फेंक दिया और वहां से रफूचक्कर हो गया। शाम 5 बजे जब मंदिर के पुजारी मयंक वैष्णव ने मंदिर खोला और पोटली को देखा तो उनके होश उड़ गए।
पोटली में भगवान के चुराए गए सभी आभूषण सुरक्षित रखे थे और उनके साथ एक लिफाफे में 201 रुपये की भेंट भी रखी हुई थी।'सांवरिया सेठ चोरों के भी राजा हैं और चोरी खुलवाने के भी'सांवरिया सेठ मंदिर के ट्रस्टी सुरेंद्र प्रताप सुवालका ने इस घटना पर खुशी और आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा-पुलिस जांच में जुटी, वजह तलाशी जा रहीमांडल थानाधिकारी गजेंद्र सिंह नरूका ने बताया कि पुलिस ने घटना से जुड़े तमाम सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्ज़े में ले लिया है और आरोपी की तलाश तेज़ कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि आरोपी के पकड़े जाने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि उसने चोरी क्यों की थी और दो दिनों के भीतर ऐसा क्या हुआ, क्या सांवरिया सेठ का खौफ था, कोई बुरा सपना आया था या फिर पुलिस का डर, जिसकी वजह से वह गहने और चढ़ावा वापस लौटाने पर मजबूर हो गया। फिलहाल, भीलवाड़ा में इस 'धार्मिक चोर' की कहानी हर किसी की जुबान पर है।