नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में एयर क्वालिटी के मुद्दे पर सियासी घमासान थमता नहीं दिख रहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय माकन ने दिल्ली में वायु प्रदूषण को लेकर बीजेपी सरकार को घेरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली की हर सांस सरकार की नाकामी का बिल भर रही है। उन्होंने यह दावा भी किया कि दिल्ली के सभी 58 वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों पर पीएम2.5 का स्तर विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की सुरक्षित सीमा से ऊपर दर्ज किया गया है।अजय माकन ने उठाया एक्यूआई का मुद्दाकांग्रेस के कोषाध्यक्ष अजय माकन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि 16 नवंबर सुबह नौ बजे से 17 नवंबर सुबह नौ बजे तक केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के 58 निगरानी केंद्रों के आंकड़ों के 24 घंटे के औसत में सभी केंद्रों पर पीएम2.5 का स्तर डब्ल्यूएचओ की सुरक्षित सीमा से अधिक रहा।
उन्होंने बताया कि दिल्ली का एक्यूआई 260 दर्ज किया गया, जो 'खराब' श्रेणी में आता है। वहीं, जनसंख्या के आधार पर एक्यूआई 262 रहा।कांग्रेस नेता ने कहा- जाफरपुर में एक्यूआई 346अजय माकन के मुताबिक, एनएसयूटी जाफरपुर में एक्यूआई 346 दर्ज किया गया, जो 'बहुत खराब' श्रेणी में है। अजय माकन ने दावा किया कि 'मध्यम' या उससे खराब वायु गुणवत्ता वाले निगरानी केंद्रों के चार किलोमीटर के दायरे में करीब 1.98 करोड़ लोग रहते हैं, जो दिल्ली की आबादी का 87.1 फीसदी है।
अजय माकन ने कहा कि इस तरह की हवा से बच्चों, बुजुर्गों और सांस तथा हृदय संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।कांग्रेस नेता ने सरकार से प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों पर तत्काल कार्रवाई करने, एनएसयूटी जाफरपुर जैसे इलाकों में स्थानीय स्तर पर कदम उठाने और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) तथा दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) की जवाबदेही तय करने की मांग की।