भुवनेश्वर: ओडिशा के बालेश्वर जिले में बिस्कुट चुराने के आरोप में 13 साल के एक लड़के की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। दुकानदार ने उसे दुकान में बंद कर मारपीट की। हत्या के विरोध में स्थानीय ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया। सीनियर अफसरों के दखल देने के बाद प्रदर्शन कर रहे लोगों ने 12 घंटे बाद धरना खत्म किया।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में मारपीट के आरोपी दुकानदार और उसके बेटे को गिरफ्तार किया है। बालेश्वर जिला मुख्यालय अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के बाद रविवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया।क्या है मामला?पुलिस के मुताबिक, 13 साल के लड़के दुकान पर बिना पूछे एक बिस्कुट का पैकेट ले लिया और खाने लगा। दुकानदार संतोष बेहरा ने उस पर बिस्कुट चुराने का आरोप लगाया।
लड़के ने इनकार करते हुए पैसे देने की बात कही। इससे नाराज दुकानदार ने उसे दुकान में खींच लिया। फिर अपने बेटे मानस बेहरा के साथ मिलकर उसे जमकर मारपीट की। बाद में लड़के का शव दुकान के पीछे बन रहे एक निर्माणाधीन मकान में मिला। आशंका है कि मारपीट में लगी चोटों के कारण ही उसकी मौत हुई है। मृतक के एक रिश्तेदार की शिकायत पर पुलिस टेंटुली बाजार में संतोष बेहरा की दुकान पर पहुंची, ताला तोड़ा और सीसीटीवी फुटेज वाली हार्ड डिस्क जब्त कर ली।
सबूत जुटाने के लिए घटनास्थल की भी जांच की गई।हत्या का केस दर्जदोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। उन्हें गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया। इस हत्या के विरोध में ग्रामीणों ने सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए लड़के का शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया था। जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के दखल देने और प्रदर्शनकारियों को सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाने के बाद 12 घंटे तक चला यह धरना खत्म हुआ।