महाराष्ट्र सरकार भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और संगठित धांधलियों को रोकने के सिलसिले में कड़े कदम उठाने की योजना बना रही है। इसके तहत अपराधों में शामिल व्यक्तियों 10 साल तक की जेल, ऐसा करने वालों पर कम से कम 10 करोड़ का जुर्माना और संपत्ति जब्त करने का प्रावधान शामिल है। यह सिफारिशें राज्य सरकार द्वारा भर्ती और प्रतियोगी परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए गठित एक उच्च-स्तरीय समिति की दूसरी रिपोर्ट में की गई हैं।
रिपोर्ट में पेपर लीक को रोकने और परीक्षाओं से जुड़ी संगठित धोखाधड़ी पर काबू पाने के लिए कड़े कानूनी प्रावधानों का प्रस्ताव है।संपत्ति भी जब्त होगीसिफारिशों के अनुसार परीक्षाओं से जुड़े संगठित अपराधों में शामिल व्यक्तियों को 7 से 10 साल तक की जेल हो सकती है। इसके साथ ही ऐसे संस्थानों पर कम से कम 10 करोड़ रुपए का जुर्माना और संपत्ति जब्त करने का भी प्रस्ताव है।
परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों का उपयोग करते पाए जाने वाले उम्मीदवारों और अन्य व्यक्तियों को 5 से 10 साल तक की जेल और 50 लाख रुपए तक का जुर्माना हो सकता है। परीक्षा में गड़बड़ी करने वाली एजेंसियों पर 5 करोड़ रुपए तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। इसके अलावा उन्हें 8 साल तक परीक्षा से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेने से प्रतिबंधित किया जा सकता है।एसटीएफ बनाने का प्रस्तावसमिति ने यह भी सिफारिश की है कि परीक्षाओं से जुड़े अपराधों की जांच वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा की जानी चाहिए।
गंभीर मामलों की जांच के लिए एक विशेष कार्यबल (एसटीएफ) बनाने का प्रस्ताव है, जबकि परीक्षा धोखाधड़ी से जुड़े मामलों के त्वरित निपटारे के लिए विशेष अदालतों की सिफारिश की गई है। इन प्रस्तावित सुधारों से महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) और अन्य भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।इनकी परीक्षा फीस होगी वापसकमेटी ने सिफारिश की है कि परीक्षा में शामिल होने के बाद उम्मीदवारों को उनकी परीक्षा फीस पूरी तरह से वापस कर दी जाए।
जिन उम्मीदवारों की अस्थाई उत्तर कुंजी पर आपत्तियां सही पाई जाती हैं, उन्हें आपत्तियां दर्ज कराने के लिए दी गई फीस भी वापस कर दी जाएगी। समिति ने परीक्षा प्रक्रिया को और अधिक व्यवस्थित बनाने के लिए सुझाव दिया है कि अगले साल का वार्षिक परीक्षा कैलेंडर हर साल अक्टूबर तक घोषित कर दिया जाए।बने त्रि-स्तरीय कमांड सेंटरइसके अलावा उम्मीदवारों के लिए आधार या ‘महा-आईडी’ के जरिए एक बार पंजीकरण की सुविधा देने की भी सिफारिश की गई है।
परीक्षा गतिविधियों की निगरानी करने और पूरी प्रक्रिया की देखरेख को मजबूत करने के लिए एक त्रि-स्तरीय ‘कमांड एंड कंट्रोल सेंटर’ का प्रस्ताव रखा गया है। कई प्रशासनिक और तकनीकी सुधारों का भी सुझाव दिया गया है। एमपीएससी को खाली पदों का विवरण समय पर मिल सके, इसके लिए एक एकीकृत मांग-पत्र पोर्टल बनाने का प्रस्ताव है।
सभी सरकारी विभागों को सलाह दी गई है कि वे सितंबर के अंत तक अपनी भर्ती संबंधी मांगें आयोग को भेज दें।बनाया जाए ‘वेन्यू बैंक’कमेटी ने यह भी सिफारिश की है कि हर जिले में संबंधित जिला कलेक्टर की देखरेख में एक अलग परीक्षा शाखा बनाई जाए। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों का एक विशेष बैंक बनाने का भी प्रस्ताव है, जिसे ‘वेन्यू बैंक’ कहा जाएगा।
परीक्षा केंद्रों को चुनने और उनके प्रबंधन की जिम्मेदारी जिला कलेक्टरों को सौंपी जाएगी।साइबर सिक्योरिटी सेलबढ़ते साइबर खतरों और तकनीक के जरिए परीक्षा में धोखाधड़ी की संभावना को देखते हुए रिपोर्ट में परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित रखने के लिए एक समर्पित प्रौद्योगिकी एवं साइबर सिक्योरिटी सेल बनाने की सिफारिश की गई है।
राज्य की भर्ती परीक्षा प्रक्रियाओं में सुधार के सुझाव देने के लिए 4 सितंबर, 2026 को एक उच्च-स्तरीय समिति का गठन किया गया था।इसकी दूसरी रिपोर्ट 23 नवंबर, 2026 को सरकार को सौंपी गई। यदि इन सिफारिशों को स्वीकार कर लागू किया जाता है, तो महाराष्ट्र की प्रतियोगी परीक्षा और भर्ती प्रणाली में बड़े बदलाव आ सकते हैं।
इन बदलावों का मुख्य जोर पारदर्शिता, जवाबदेही, सुरक्षा और उम्मीदवारों के हितों की रक्षा पर होगा।