मौत को तो बस बहाना चाहिए...कुछ ऐसा ही बुधवार को बाह थाना क्षेत्र के रघुनाथपुरा चौसिंगी गांव में दिखा। पानी से भरी बाल्टी में औंधे मुंह गिरने से एक साल की मासूम निहांशी की जान चली गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों ने करीब एक घंटे तक सीपीआर देकर बच्ची को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उसकी सांसें नहीं लौट सकीं।
घटना से परिवार में मातम पसरा है। हादसा दोपहर करीब 2 बजे का है। रघुनाथपुरा चौसिंगी निवासी उमेश कुमार बटेश्वर मेले में दुकान लगाने गए थे। उनकी पत्नी नीरू एक वर्षीय बेटी निहांशी को खाट पर दूध की बोतल देकर कपड़े धोने चली गईं। बच्ची खाट से उतरकर घुटनों के बल रेंगते हुए बाथरूम तक पहुंच गई। बाथरूम के फर्श पर पानी से भरी एक बड़ी बाल्टी रखी थी।
आशंका जताई जा रही है कि बच्ची ने बाल्टी पर चढ़ने या झांकने का प्रयास किया, जिससे वह संतुलन खोकर औंधे मुंह पानी में जा गिरी और बाहर नहीं निकल सकी। कुछ देर बाद जब नीरू ने खाट पर बच्ची को नहीं देखा तो वे उसे खोजते हुए बाथरूम पहुंचीं। वहां निहांशी को बाल्टी में औंधे मुंह पड़ा देख उनकी चीख निकल गई। चीखें सुनकर परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे और बच्ची को बाहर निकाला।
लोगों ने उसे उल्टा लिटाकर पेट का पानी निकालने का प्रयास किया। बेहोशी की हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉ. अमन कुमार और फार्मासिस्ट मनोज शर्मा ने करीब एक घंटे तक लगातार सीपीआर दी। इस दौरान परिजन और अस्पताल में मौजूद लोग बच्ची के बचने की दुआ करते रहे, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद मासूम को बचाया नहीं जा सका।
इकलौती बच्ची की मौत से परिवार सदमे में हैं। सतर्क रहें, छोटी सी चूक दे सकती है जीवनभर का दर्द -छोटे बच्चों के माता-पिता घर में बाल्टियों को हमेशा ढंककर रखें, क्योंकि पलक झपकते ही हुई एक छोटी सी चूक जीवनभर का दर्द दे सकती है। -घर में इस्तेमाल के बाद बाल्टियों, कंटेनर और पोर्टेबल पूल को खाली कर दें। बाथरूम का दरवाजा बंद रखें।
-छोटे बच्चे को टब में रखने से पहले सभी चीजें पास में रखें, बच्चे को पानी में अकेला न छोड़ें। पानी के आसपास खेल रहे बच्चों पर नजर रखें। -घर के आसपास तालाब आदि हो, तो बच्चों को पहुंचने से बचाने के लिए बैरियर लगाएं। डॉ. जितेंद्र वर्मा, अधीक्षक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाह ने बताया कि बच्ची को बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था।
बाल्टी के पानी में डूबने की जानकारी परिजन ने दी थी। सीपीआर देकर उसे बचाने का चिकित्सक ने काफी देर तक प्रयास किया, लेकिन उसकी जान बच नहीं सकी।