आगरा के अर्जुन नगर में टैंकर से हुए हादसे का दृश्य जिस किसी ने देखा उसका दिल कांप गया। राहगीर और अस्पताल के बाहर खड़े राहगीरों की चीख निकल पड़ी। सड़क पर खून ही खून फैल गया। बीच रोड हुए हादसे से लोगों की भीड़ लग गई। सैकड़ों की संख्या में वाहन भी रुक गए। चालक टैंकर को भगाकर ले जाना चाहता था मगर कुछ लोगों ने पीछा करके उसे पकड़ लिया।
लोगों में इस बात के लिए गुस्सा था कि आबादी के बीच भारी वाहन मौत बनकर दौड़ रहे हैं। जिम्मेदार अफसर खामोश बने हैं। प्रत्यक्षदर्शी सैंया निवासी महेश कुमार ने बताया कि वह भाई का इलाज कराने के लिए जावित्री देवी अस्पताल में आए थे। बाहर खड़े थे। तभी सराय ख्वाजा पुलिस चौकी की तरफ से टैंकर आया। वह तेज गति में था।
अस्पताल के सामने चालक ने लापरवाही करते हुए अचानक उसे साइड की तरफ मोड़ दिया। उसने इतना भी नहीं देखा कि आगे बाइक पर दंपती चल रहे हैं। इससे बाइक में टक्कर लग गई। दंपती हेलमेट भी पहने हुए थे। दोनों बाइक से सीधे सड़क पर गिर गए। इसके बावजूद टैंकर के ब्रेक नहीं लगाए। दंपती के हेलमेट के ऊपर से टैंकर निकल गया।
दोनों को संभलने तक का मौका भी नहीं मिला। जिस समय हादसा हुआ उस समय अस्पताल के बाहर तीमारदार और मरीजों की भीड़ लगी थी। बड़ी संख्या में वाहन और पैदल लोग निकल रहे थे। सभी लोग रुक गए। कुछ लोगों ने शोर मचा दिया। चालक टैंकर को भगाकर ले जा रहा था। कुछ राहगीर उसके पीछे लग गए। चालक ने उसे एयरफोर्स स्टेशन के गेट की तरफ मोड़ दिया।
लोगों के पीछे से आने पर टैंकर को रोक दिया। बाद में भागने की कोशिश की। लोगों ने उसे पकड़ लिया। उधर, घटनास्थल पर वाहनों की लाइन लग गई। पुलिस के शवों को हटाने के बाद ही जाम खुल सका। नहीं करते कोई कार्रवाई घटनास्थल पर ही चाय की दुकान चलाने वाले एक युवक ने बताया कि इस मार्ग पर नगर निगम के वाहन तेज गति से चलते रहे हैं।
इन वाहनों को कोई रोकने वाला नहीं है। आसपास काफी अस्पताल हैं। डायवर्जन की वजह से भी वाहनों का दबाव अधिक है। जल्दबाजी की वजह से हादसे हो रहे हैं। इस तरफ न तो नगर निगम के अधिकारियों का ध्यान है और न ही पुलिस कुछ कर रही है। मिलिट्री अस्पताल जा रहे थे दोनों अर्जुन नगर (थाना शाहगंज) में मंगलवार सुबह नगर निगम के टैंकर के चालक की लापरवाही ने पूर्व फौजी और उनकी पत्नी की जान ले ली।
पूर्व फौजी बाइक से पत्नी को चिकित्सक को दिखाने के लिए मिलिट्री अस्पताल जा रहे थे। जावित्री देवी अस्पताल के सामने पीछे से तेज गति से आई सीवर जेटिंग मशीन (टैंकर) वाली गाड़ी ने टक्कर मार दी। दंपती पहिए से कुचल गए। दोनों हेलमेट भी लगाए थे मगर पहिया हेलमेटों के ऊपर से निकल गया। हादसे के बाद चालक गाड़ी लेकर भागा।
लोगों ने करीब आधा किलोमीटर पीछा कर उसे पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया। हादसा सुबह तकरीबन 10:30 बजे हुआ। मूलरूप से इब्राहिमपुर, रुपवास, भरतपुर निवासी सुखविंदर सिंह (40) सेना में कार्यरत थे। 7 साल पहले सेवानिवृत्त होने के बाद पत्नी रेखा (38), दो बच्चों 13 साल की बेटी माही उर्फ सौम्या और 11 साल के बेटे आरव के साथ धनौली स्थित मयूर विहार कॉलोनी, कंचनपुर में अपना मकान बनवाकर रह रहे थे।
घर के पास ही रहने वाले मृतक के बड़े भाई पुष्पेंद्र ने बताया कि रेखा को सिर में दर्द की समस्या थी। उनका इलाज चल रहा था। प्रकाश पर्व पर स्कूल की छुट्टी थी। इस कारण बच्चे घर में ही थे। सुखविंदर और रेखा बच्चों से मिलिट्री अस्पताल में चिकित्सक से दवा लेकर आने की कहकर बाइक पर घर से निकले थे। जावित्री देवी अस्पताल के सामने पीछे से आए नगर निगम के टैंकर ने बाइक में टक्कर मार दी।
दोनों बाइक समेत सड़क पर गिर गए। टैंकर का पहिया दोनों के हेलमेट के ऊपर से निकल गया। इससे सड़क पर खून ही खून हो गया। हादसे के बाद भी चालक नहीं रुका। वह टैंकर को दौड़ाता हुआ ले गया। इस पर आसपास के लोग पीछे दौड़े। आधा किलोमीटर पीछा कर टैंकर को रोककर लोगों ने चालक को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
वहीं शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटना की जानकारी से परिवार में कोहराम मच गया। हादसे ने दो बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठा दिया। घर पर पहुंचे रिश्तेदार यही कहते रहे कि अब बच्चों का पालन पोषण कैसे होगा? बच्चे भी मां-पिता के लिए रोए जा रहे थे। डीसीपी सिटी रवींद्र कुमार ने बताया कि नगर निगम के टैंकर से हादसा हुआ है।
इसकी अनुमति की जानकारी ली जा रही है। चालक रियाजुद्दीन को पकड़ लिया गया है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।