बड़वानी: घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, दो दिन बाद दूल्हे की बारात निकलने वाली थी और रिश्तेदारों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। परिवार खुशियों के इस मौके को यादगार बनाने में जुटा था, लेकिन सोमवार सुबह एक ऐसी घटना सामने आई जिसने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। बड़वानी जिला मुख्यालय के नवलपुरा क्षेत्र में 23 वर्षीय दूल्हा बनने जा रहे शैलेंद्र वर्मा का शव घर के एक कमरे में फंदे पर लटका मिला।

घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।शैलेंद्र, मोहन वर्मा के पुत्र थे। वे फल का व्यवसाय करते थे और किराये पर पिकअप वाहन भी चलाते थे। परिजनों के अनुसार, करीब एक साल पहले उनकी पसंद से रिश्ता तय हुआ था। विवाह समारोह 25 और 26 नवंबर को निर्धारित थे। बारात महेश्वर तहसील के मंडलेश्वर जाने वाली थी। घर में शादी की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थीं।दिनभर शादी की तैयारियों में जुटा रहा शैलेंद्रपरिजनों ने बताया कि शैलेंद्र रविवार रात तक शादी की तैयारियों में सक्रिय रूप से जुटे हुए थे।

वे खुद टेंट का सामान लेने भी गए थे। इसके बाद आधी रात के कुछ समय बाद घर के एक कमरे में चले गए। सोमवार सुबह परिवार के सदस्य कपड़े लेने के लिए ऊपर पहुंचे तो कमरे में शैलेंद्र को फंदे पर लटका देख उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी गई।परिजन—दोस्तों को अनहोनी का जरा भी संकेत नहीं मिलापरिजन और रिश्तेदार कान्हा वर्मा ने बताया कि शैलेंद्र एक दिन पहले तक सामान्य और खुशमिजाज थे।

वे शादी की तैयारियों में उत्साह से हिस्सा ले रहे थे। उनके व्यवहार से ऐसा कोई संकेत नहीं मिला था, जिससे परिवार को किसी अनहोनी की आशंका होती। परिजनों ने यह भी बताया कि शैलेंद्र ने घटना के पूर्व अपना मोबाइल फोन फॉर्मेट किया था। जिस कमरे में उनका शव मिला, उसका दरवाजा अंदर से बंद नहीं था।पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही हैसूचना मिलने पर बड़वानी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

कोतवाली थाना प्रभारी बीएस बिसेन ने बताया कि घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।शादी से महज दो दिन पहले हुई इस घटना से परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस जांच के बाद ही घटना के पीछे की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।