आजमगढ़ के बूढ़नपुर तहसील क्षेत्र के पासीपुर कंगालीपुर में जमीन की पैमाइश के दौरान राजस्व निरीक्षक और एक महिला के बीच विवाद हो गया। इस दौरान महिला और राजस्व निरीक्षक के बीच हुई कहासुनी और अभद्रता का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले में उपजिलाधिकारी के निर्देश पर अतरौलिया थाने की पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, राजस्व निरीक्षक केके सिंह जमीन की पैमाइश करने के लिए पासीपुर कंगालीपुर पहुंचे थे। इसी दौरान महिला ने राजस्व निरीक्षक पर गलत तरीके से फील्ड बुक तैयार करने का आरोप लगाया। महिला का कहना था कि जमीन की पैमाइश में पक्षपात किया जा रहा है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

विवाद बढ़ने पर महिला ने विरोध जताया और राजस्व निरीक्षक के साथ अभद्र व्यवहार किया। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।