प्रमोद तिवारी, भीलवाड़ा: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के गुलाबपुरा थाना क्षेत्र स्थित आगूचा कस्बे में दुर्गा अष्टमी को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। खनन कार्य (माइनिंग) में इस्तेमाल होने वाले बारूद और विस्फोटक सामग्री से भरी एक पिकअप वैन में अचानक भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना भयावह था कि पिकअप चालक के शरीर के परखच्चे उड़ गए और वाहन के टुकड़े आधा किलोमीटर दूर तक जाकर गिरे।दुर्घटना की सूचना मिलते ही भीलवाड़ा पुलिस अधीक्षक सागर राणा, शाहपुरा की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजुम कायल, गुलाबपुरा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संजय गुर्जर और आगूचा चौकी प्रभारी एएसआई नेतराम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अजमेर से बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया।3 किलोमीटर तक गूंजा धमाका, गांव में दहशतप्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा सोमवार सुबह करीब 11:00 बजे एक्सप्लोसिव व्यवसायी रामस्वरूप खटीक के बाड़े में हुआ। विस्फोट का धमाका इतना जोरदार था कि इसकी गूंज लगभग 3 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।
धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई और डर के मारे लोग घरों से बाहर निकल आए।हादसे में सवाई माधोपुर जिले के बगवाड़ा गांव निवासी पिकअप चालक आत्माराम गुर्जर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। विस्फोट के तीव्र प्रभाव से चालक का शरीर क्षत-विक्षत हो गया और अंग 20 मीटर के दायरे में बिखर गए।20 से अधिक मकानों को नुकसान, छतों और दीवारों में आई दरारेंविस्फोट का असर बाड़े तक ही सीमित नहीं रहा।
इसके दबाव के कारण आधा किलोमीटर के दायरे में स्थित 20 से अधिक मकानों और गोदामों को भारी नुकसान पहुंचा है। कई मकानों के लोहे और लकड़ी के दरवाजे उखड़ गए, खिड़कियों के शीशे टूट गए और कई जगह दीवारें ढह गईं। दर्जनों मकानों की छतों और दीवारों में गहरी दरारें आ गई हैं, जिससे उनके गिरने का खतरा मंडरा रहा है।आबादी क्षेत्र में खड़ी थी बारूद से भरी गाड़ीप्रारंभिक जानकारी के अनुसार, व्यवसायी रामस्वरूप खटीक का भीलवाड़ा, कोटा और बूंदी में बारूद-विस्फोटक सप्लाई का बड़ा कारोबार है।
आगूचा की घनी आबादी से करीब 2 किलोमीटर दूर उनकी एक्सप्लोसिव मैगजीन बनी हुई है। हालांकि, नियमों को ताक पर रखकर अक्सर विस्फोटक से भरी गाड़ियों को घनी आबादी के बीच खड़ा कर दिया जाता था।सोमवार को भी ड्राइवर आत्माराम बारूद से भरी पिकअप को बाड़े के अंदर खड़ी करके उसमें से विस्फोटक सामग्री की लोडिंग-अनलोडिंग कर रहा था, तभी संदिग्ध परिस्थितियों में धमाका हो गया।
फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है कि विस्फोट किसी मानवीय चूक से हुआ या फिर सामग्री में किसी तकनीकी घर्षण के कारण।