भारतीय राजनीति के सबसे पुराने सहयोगियों में से दो – भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल (बादल) – पंजाब विधानसभा चुनाव से ठीक पहले एक बार फिर साथ आने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. अलग होने से पहले, ये दोनों पार्टियां भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का हिस्सा थीं, जिसमें शिरोमणि अकाली दल (बादल) भाजपा का सबसे पुराना सहयोगी दल था.
दोनों पार्टियों के सूत्रों ने इस रिपोर्टर को बताया है कि हफ्तों तक पर्दे के पीछे चली बातचीत के बाद, कभी सहयोगी रहे और फिर एक-दूसरे के विरोधी बन गए इन दलों ने अगले साल होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अपने गठबंधन की रूपरेखा तय कर ली है. इस संबंध में जल्द ही कोई घोषणा की जा सकती है.
जानकार सूत्रों के अनुसार, भाजपा पहले अड़ी हुई थी कि उसे गठबंधन में वरिष्ठ भागीदार होना चाहिए. ऐसा लगता है कि अंतत: अनिच्छा से ही सही, उसने इस स्थिति को स्वीकार कर लिया है कि विधानसभा चुनावों में अच्छे प्रदर्शन के लिए उसे अकाली दल की बैसाखियों की जरूरत है.
शिरोमणि अकाली दल (बी) के एक वरिष्ठ नेता ने नाम न छापने की शर्त पर कहा, ‘हालांकि कुछ मतभेद अभी भी दूर होने की प्रक्रिया में हैं, लेकिन यह समझौता हो चुका है. सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि अकाली दल गठबंधन में प्रमुख भागीदार बना रहेगा और कुल 117 सीटों में से 60 से अधिक सीटों पर लड़ेगा. इसके अलावा, अलग हुए अकाली दल – शिरोमणि अकाली दल (पुनर सुरजीत) – के लिए सीटें भाजपा के कोटे से आएंगी.’
इस नेता ने यह भी कहा कि अकाली दल के अलग हुए गुट को मूल पार्टी में वापस मिलाने की कोशिशें की जा रही हैं, लेकिन अब तक इन कोशिशों का कोई नतीजा नहीं निकला है.
शिरोमणि अकाली दल (बी) नेता ने कहा, ‘गठबंधन के काम करने के लिए, शिरोमणि अकाली दल (पुनर सुरजीत) को वापस घर लौटना होगा. हालांकि, इस अलग हुए गुट के नेताओं की सुखबीर बादल और उनके साथियों के साथ नहीं बनती है. लेकिन, जैसा कि कहा जाता है, राजनीति संभावनाओं का खेल है. हमें उम्मीद है.’
जैसा कि अगस्त में सबसे पहले ‘द वायर’ ने रिपोर्ट किया था, सार्वजनिक रूप से कुछ और कहने के बावजूद, दोनों पार्टियों के नेता पर्दे के पीछे अगले साल होने वाले पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए चुनाव-पूर्व गठबंधन बनाने पर काम कर रहे थे.
रिपोर्ट में यह भी बताया गया था कि उस समय मुख्य अड़चन सीटों के बंटवारे को लेकर थी— कि किस पार्टी को कितनी सीटों पर चुनाव लड़ने को मिलेगा — जिसमें भाजपा ज्यादा सीटें पाने पर जोर दे रही थी.
पिछले कुछ दिनों में, भाजपा और शिरोमणि अकाली दल (बी) दोनों ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि वे गठबंधन करने के खिलाफ नहीं हैं.
गृह मंत्री अमित शाह ने कुछ दिन पहले कहा था, ‘आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार के दौरान पंजाब में नशीले पदार्थों का कारोबार बढ़ा है. मैं हाल ही में पंजाब गया था, जहां मैंने नशीले पदार्थों से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की. लोगों ने एनडीए की सरकार को सत्ता में लाने का फैसला कर लिया है.’
पंजाब में कुछ सीटें जीतने के लिए, बीजेपी ने पंजाब इकाई के मौजूदा प्रमुख केवल सिंह ढिल्लों और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनप्रीत सिंह बादल जैसे नेताओं के ज़रिए जाट सिख मतदाताओं को लुभाने की कोशिश की. लेकिन, पार्टी ने यह मान लिया था कि अगर उसे पंजाब में कुछ सीटें जीतनी हैं, तो उसे अपने पुराने सहयोगी के साथ फिर से हाथ मिलाना ही होगा.
हालांकि, इस गठबंधन के बाद भी दोनों पार्टियों के लिए राह आसान नहीं होगी. शिरोमणि अकाली दल (बी) का नेतृत्व अभी भी मतदाताओं के बीच अलोकप्रिय है, ख़ासकर उनके मुख्य समर्थक आधार—ग्रामीण जाट सिख किसानों के बीच. पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल के निधन के बाद, शिरोमणि अकाली दल के वोट आधार में लगातार गिरावट आई है. साथ ही, कई प्रभावशाली नेताओं ने पार्टी छोड़ दी है, जिनमें से ज़्यादातर दिवंगत प्रकाश सिंह बादल के करीबी सहयोगी थे.
राज्य के एक भाजपा नेता ने कहा, ‘हालांकि, दोनों पक्षों के लिए एक साथ आना जरूरी है. मामलों और आरोपों के बावजूद, पंजाब में भगवंत मान के नेतृत्व वाली ‘आप’ सरकार ने अब तक अपना ज्यादा आधार नहीं खोया है. भले ही सुखबीर बादल अपने पिता जितने बड़े नेता नहीं हैं, फिर भी पार्टी अपने समर्थकों के बीच काफी हद तक अपना आधार बचाए रखने में कामयाब रही है. यही वजह है कि यह गठबंधन हो रहा है.’