अगरतला: 31 अक्टूबर को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से अगरतला में निकाली गई ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता खत्म करो’ रैली के कुछ ही घंटों बाद त्रिपुरा लेफ्ट फ्रंट कमिटी (टीएलएफसी) ने राज्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर राज्य के अलग-अलग हिस्सों में इसके बिल्कुल विपरीत तस्वीर पेश की.
पत्र में कहा गया कि कमालपुर, मोहनपुर और जिरानिया में विपक्षी उम्मीदवारों को नगर निकाय चुनावों के लिए नामांकन दाखिल करने की कोशिश के दौरान घेरकर धमकाया गया. कमालपुर में तो उनकी कथित तौर पर पिटाई भी की गई.
‘पुलिस मूर्ति की तरह खड़ी रही’: त्रिपुरा में विपक्ष के नेता
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के राज्य सचिव और विधानसभा में विपक्ष के नेता जितेंद्र चौधरी ने मंगलवार, 3 नवंबर को द वायर को इन दोनों हमलों के बारे में विस्तार से बताया. उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर को कमालपुर में तीन उम्मीदवार घायल हुए थे, जबकि दो दिन बाद 2 नवंबर को मोहनपुर में करीब 15 अन्य लोग घायल हुए.
उन्होंने आरोप लगाया कि मोहनपुर में हुए हमले में बुलडोजर का इस्तेमाल किया गया था.
उन्होंने द वायर से कहा, ‘वे एक बुलडोजर लेकर आए और उसे सड़क के बीचोंबीच खड़ा कर दिया. अगर विपक्ष के लोग आते तो वे बुलडोजर से उनके वाहनों को नुकसान पहुंचाते.’
उन्होंने बताया कि बुलडोजर को एसडीएम कार्यालय जाने वाले रास्ते पर खड़ा किया गया था. नामांकन कार्यालय के बाहर की गई नाकेबंदी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) के इन कार्यालयों की सुरक्षा होनी चाहिए. बाहर के लोगों को अंदर आने की अनुमति नहीं होनी चाहिए. लेकिन वहां कार्यालय के अंदर और बाहर, जब तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा रहे थे, वे लोग पहरेदारों की तरह खड़े रहे, ताकि एक परिंदा भी अंदर न जा सके.’
चौधरी ने कहा कि दोनों जगह पुलिस मौजूद थी, लेकिन उसने कुछ नहीं किया.
उन्होंने कहा, ‘पुलिस मूर्तियों की तरह खड़ी रही. उन्होंने कुछ भी नहीं किया. उनकी आंखों के सामने लोगों के सिर फोड़ दिए गए, उनकी आंखों के सामने लोगों को पीटा गया, उनकी आंखों के सामने रुकावटें खड़ी की गईं. पुलिस वहां ड्यूटी पर मौजूद थी, अपना काम कर रही थी.’
उन्होंने बताया कि कमालपुर में हमले के बाद दिल्ली से त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को किए गए उनके फोन का जवाब तो मिला, लेकिन उसके बाद कोई कार्रवाई नहीं हुई.
3 नवंबर को जब उनसे पूछा गया कि तब से स्थिति में कोई बदलाव आया है या नहीं, तो उन्होंने कहा कि कुछ नहीं बदला है.
उन्होंने कहा, ‘बिल्कुल कोई कार्रवाई नहीं की गई. त्रिपुरा पुलिस मूर्ति से भी बदतर है. मूर्ति फिर भी पहरे पर खड़ी रहती है और छाया देती है. त्रिपुरा पुलिस में तो पहरा देने की क्षमता भी नहीं है.’
उन्होंने आगे कहा, ‘मंत्री रतन लाल नाथ की सीधी निगरानी में ये घटनाएं हो रही हैं.’ उन्होंने त्रिपुरा के नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री सुशांत चौधरी के साथ-साथ राज्य के कृषि मंत्री रतन लाल नाथ का भी नाम लिया.
उन्होंने कहा, ‘यह फासीवाद स्थापित करने की प्रयोगशाला है. माणिक साहा के नेतृत्व में त्रिपुरा में इस प्रयोगशाला का काम चल रहा है.’