श्रीनगर: वरिष्ठ नेता और धार्मिक धर्मगुरु आगा सैयद रूहुल्लाह मेहदी के श्रीनगर से सांसद पद से इस्तीफा देने और सत्तारूढ़ जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) छोड़ने के एक दिन बाद, बुधवार (4 नवंबर) को पार्टी ने उनके इस्तीफे को केंद्र शासित प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ‘ऑपरेशन लोटस’ की सफलता करार दिया.

रूहुल्लाह का इस्तीफा ऐसे समय में आया है, जब नेशनल कॉन्फ्रेंस के करीब 25 विधायकों ने पार्टी के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की थी.

श्रीनगर स्थित पार्टी मुख्यालय में बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एनसी विधायक सलमान अली सागर ने कहा, ‘दुर्भाग्य से मुझे लगता है कि भाजपा जम्मू-कश्मीर में अपना ‘ऑपरेशन लोटस’ सफल बनाने में कामयाब रही है. उसने आगा रूहुल्लाह साहब को नेशनल कॉन्फ्रेंस से अलग कर दिया है.’

इस दौरान उनके साथ पार्टी के एक अन्य नेता और विधायक सज्जाद शाहीन भी मौजूद थे.

सागर ने भाजपा पर नेशनल कॉन्फ्रेंस में फूट डालने की साजिश रचने का आरोप लगाया. हजरतबल से विधायक सागर ने इस दावे को खारिज किया कि रूहुल्लाह का इस्तीफा पार्टी के भीतर किसी संकट को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि पार्टी की ताकत किसी एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि सामूहिक नेतृत्व और जनता के जनादेश पर आधारित है.

रूहुल्लाह ने अपना इस्तीफा मोहम्मद अशरफ मट्टू को सौंपा था. वह वामिक फारूक के पिता हैं. 17 वर्षीय वामिक फारूक की 2010 में हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान मौत हो गई थी. उस समय उमर अब्दुल्ला पहली बार मुख्यमंत्री के पद पर थे और रूहुल्लाह उनकी कैबिनेट में मंत्री थे.

सागर ने अपने पूर्व पार्टी सहयोगी की आलोचना करते हुए उन पर ‘शहीदों का अपमान’ करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, ‘हम 1931 या 2010 के सभी शहीदों का सम्मान करते हैं और उनके खून पर किसी को राजनीति नहीं करनी चाहिए.’

उन्होंने आगे कहा, ‘रूहुल्लाह को तुफैल मट्टू जैसे शहीदों का इस्तेमाल अपनी राजनीति के लिए नहीं करना चाहिए था. हम जनता के मुद्दों को कभी नहीं छोड़ेंगे. नेशनल कॉन्फ्रेंस 1931 से ही इस उद्देश्य के लिए संघर्ष करती आ रही है.’

सागर ने कहा कि रूहुल्लाह को पार्टी नेतृत्व पर सवाल उठाने और अपनी असहमति जाहिर करने का पूरा अधिकार था, लेकिन उनकी शिकायतों का समाधान पार्टी के आंतरिक मंचों पर होना चाहिए था, न कि इस्तीफा देकर.

सागर ने रूहुल्लाह पर भाजपा और पीडीपी के खिलाफ कुछ नहीं बोलने का आरोप भी लगाया.

उन्होंने कहा, ‘आगा साहब कभी पीडीपी और भाजपा के खिलाफ नहीं बोलते. कुछ तो है जिसकी पर्दादारी है. वह सिर्फ मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को निशाना बनाते हैं. क्या यह अना की लड़ाई है या कुछ और? यह तो समय ही बताएगा. लेकिन हम इतने कमजोर भी नहीं हैं कि जवाब न दे सकें. पार्टी के वरिष्ठ नेता उन्हें जवाब देते रहेंगे.’

रूहुल्लाह के इस आरोप पर कि ‘पार्टी ने चुनाव जीतने के लिए उनका इस्तेमाल किया’, सागर ने दावा किया कि उन्हें चुनाव लड़ने के लिए एक ‘सुरक्षित निर्वाचन क्षेत्र’ दिया गया था. उन्होंने सवाल उठाया कि इसके बाद उन्होंने पार्टी से राजनीतिक दूरी क्यों बना ली.

उन्होंने परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा, ‘लोग नेशनल कॉन्फ्रेंस को मिले भारी जनादेश की बात करते रहते हैं. इस जनादेश का इस्तेमाल इन लड़ाइयों को लड़ने के लिए किया जाना चाहिए था. हमें मिलकर संघर्ष करना चाहिए था. क्या एक मौजूदा या पूर्व सांसद ज्यादा ताकतवर है या 50 विधायकों की ताकत ज्यादा है? क्या निर्वाचित सरकार ज्यादा मजबूत ताकत नहीं होती? जो भी मुश्किलें थीं, उनका सामना पार्टी के भीतर रहकर किया जाना चाहिए था.’

सागर ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के दो अन्य पूर्व नेताओं, दिवंगत देवेंद्र सिंह राणा और सुरजीत सिंह सलाथिया के नामों का भी जिक्र किया. उन्होंने दावा किया कि ये दोनों नेता भी इसी तरह ‘ऑपरेशन लोटस’ का निशाना बने थे. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के कई प्रमुख नेताओं को पार्टी से अलग करने में सफलता हासिल की है.