बडगाम: धार्मिक गुटबाजी से ऊपर उठते हुए सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के बागी श्रीनगर सांसद सैयद आगा रुहुल्लाह मेहदी ने मंगलवार (3 नवंबर) को जम्मू-कश्मीर के अपने गृह क्षेत्र बडगाम में आयोजित एक सार्वजनिक रैली में लोकसभा और पार्टी, दोनों से इस्तीफा देने की घोषणा की.

यह तारीख उनके पिता की 26वीं पुण्यतिथि है, जिनकी साल 2000 में एक आईईडी विस्फोट में मौत हो गई थी. रुहुल्लाह ने सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस से अपना इस्तीफा पत्र तुफैल मट्टू के पिता मोहम्मद अशरफ मट्टू को सौंपा और उनसे अनुरोध किया कि वे इसे व्यक्तिगत रूप से पार्टी अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला तक पहुंचाएं.

उनके इस निर्णय का एक गहरा राजनीतिक और भावनात्मक महत्व है, क्योंकि 11 जून 2010 को श्रीनगर में सुरक्षा बलों द्वारा छोड़े गए आंसू गैस के गोले की चपेट में आने से तुफैल की मौत हो गई थी.

17 वर्षीय इस स्कूली छात्र की मौत के बाद पूरे कश्मीर में 2010 का व्यापक ग्रीष्मकालीन आंदोलन भड़क उठा था. उस समय उमर अब्दुल्ला जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री थे और रुहुल्लाह विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा पशुपालन विभागों का जिम्मा संभाल रहे थे.

नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला पर सीधा निशाना साधते हुए रुहुल्लाह ने घोषणा की, ‘3 नवंबर 2026, दोपहर 2 बजकर 40 मिनट. इस तारीख और समय को याद रखिए. मैं खुद को आजाद करने के लिए इस्तीफा दे रहा हूं.’

फारूक अब्दुल्ला ने उन्हें चुनौती दी थी कि वे पार्टी और लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दें. साथ ही उन्होंने रुहुल्लाह से कुरान पढ़कर अपने रास्ते पर विचार करने को कहा था.

एनसी के बडगाम कार्यालय से कुछ ही कदम की दूरी पर आयोजित रैली में पार्टी संरक्षक को जवाब देते हुए आगा रुहुल्लाह ने कहा, ‘डॉ. फारूक अब्दुल्ला को चाहिए कि वे अपने ‘नाअहल’ (अयोग्य) बेटे उमर को कुरान पढ़ाएं. उसने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के डर से 2024 के विधानसभा चुनाव जीतने के तुरंत बाद अनुच्छेद 370 के मुद्दे पर समझौता कर लिया.’

उन्होंने कहा, ‘चुनाव के दौरान अनुच्छेद 370 की बहाली, कैदियों की रिहाई और मुफ्त बिजली देने को लेकर जो भी बड़े-बड़े दावे किए गए थे, वे सब झूठ थे. अब मैं इन झूठों का हिस्सा बनकर नहीं रह सकता.’

रुहुल्लाह ने रैली स्थल पर ही अपने इस्तीफा पत्र पर हस्ताक्षर किए और कहा कि इसकी एक प्रति नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला को सौंप दी जाएगी.

बडगाम के बेहिश्ती ज़हरा पार्क में अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए इस मुखर नेता ने नेशनल कॉन्फ्रेंस से नाता तोड़ने का ऐलान किया. उन्होंने कहा कि पार्टी ने अनुच्छेद 370 की बहाली, संवैधानिक अधिकारों, आरक्षण में सुधार और राजनीतिक कैदियों की रिहाई सहित अपने प्रमुख चुनावी वादों से पीछे हटकर लोगों को निराश किया है. वे अब चुपचाप यह सब देखते नहीं रह सकते.

उन्होंने कहा, ‘जिन लोगों ने अपनी टोपियां उतारकर जनता के पैरों में रखकर सत्ता हासिल की है, उन्हें यहां आकर देखना चाहिए कि इज़्ज़त और मोहब्बत का असली मतलब क्या होता है.’

रुहुल्लाह के संबोधन के दौरान मंच पर विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि मौजूद थे. इनमें हिंदू, सिख, डोगरा, शिया और सुन्नी समुदायों के लोग शामिल थे. यह इस बात का संकेत था कि उनका उद्देश्य सभी समुदायों को एक साझा मंच के नीचे लाना है.

अपने भाषण की शुरुआत में रुहुल्लाह ने कहा, ‘लोगों की कुर्सी छिन जाती है तो वे दुखी होते हैं, लेकिन यहां हम खुद कुर्सी को ठोकर मारकर दूर कर रहे हैं और इससे हमें राहत महसूस हो रही है.’

रुहुल्लाह के राजनीतिक आचरण की सराहना करते हुए अशरफ मट्टू ने उन्हें एक ‘ईमानदार, सच्चा और समर्पित’ नेता बताया. कार्यक्रम स्थल पर मीडिया से बातचीत करते हुए मट्टू ने कहा, ‘मैं आज भी न्याय के लिए लड़ रहा हूं. वह हमारी आवाज हैं. मैं उमर अब्दुल्ला और उनके वंश को इंसान नहीं मानता. मुझे आगा रुहुल्लाह में उम्मीद की एक किरण दिखाई देती है.’