नई दिल्ली – तपती गर्मी के मौसम में जहां लोग बागवानी से दूरी बना लेते हैं, वहीं जून का महीना किचन गार्डनिंग के लिए सबसे मुफीद समय माना जाता है। अगर आप चाहते हैं कि गर्मी के इस मौसम में भी आपका छोटा सा बग़ीचा हरा-भरा रहे, तो बस ज़रूरत है थोड़ी स्मार्ट प्लानिंग और सही सब्जियों के चुनाव की।
विशेषज्ञों के मुताबिक, जून में कुछ सब्जियां ऐसी हैं जो तेज़ धूप और गर्मी के बावजूद अच्छी पैदावार देती हैं और कम देखभाल में भी लहलहाती रहती हैं। आइए जानें उन 5 सुपरहिट सब्जियों के बारे में जिन्हें आप इस जून अपने किचन गार्डन में जरूर उगाएं:
1. भिंडी – गर्मी की रानी
भिंडी को गर्मियों की सबसे पसंदीदा सब्जियों में गिना जाता है। इसे उगाना बेहद आसान है और यह 45-50 दिनों में तैयार हो जाती है। धूप वाली जगह, हल्की नमी वाली मिट्टी और अच्छे बीज इसके लिए ज़रूरी हैं।
2. लौकी – बेल वाली सुपर सब्जी
लौकी की बेल जून में तेजी से बढ़ती है। इसे किसी दीवार या जाली का सहारा देकर आसानी से उगाया जा सकता है। जैविक खाद और नियमित पानी से इसकी अच्छी पैदावार होती है। इसे पकने में 60 से 180 दिन लग सकते हैं।
3. खीरा – ठंडक देने वाली सब्जी
खीरा गर्मियों की सबसे रसीली और ठंडक देने वाली सब्जियों में से एक है। इसे गमले या ज़मीन दोनों में उगाया जा सकता है। खीरे की बेल को फैलने की पर्याप्त जगह दें और मिट्टी में नमी बनाए रखें। यह 40 से 70 दिनों में तैयार हो जाता है।
4. बैंगन – हर मौसम की सब्जी
बैंगन की खेती गर्मियों में भी सफलतापूर्वक की जा सकती है। इसे बीज से या पौध तैयार करके लगाया जा सकता है। धूप और जैविक खाद इसके लिए जरूरी है। 60 से 70 दिन में इसकी फसल तैयार हो जाती है।
5. हरी मिर्च – हर घर की ज़रूरत
हरी मिर्च का पौधा छोटा लेकिन बहुत उपयोगी होता है। इसे छोटे गमले में भी आसानी से उगाया जा सकता है। बस ध्यान रहे कि मिट्टी हमेशा हल्की नम बनी रहे। यह पौधा 50 से 60 दिन में फल देने लगता है और सालभर उपज देता है।
जून में बागवानी के स्मार्ट टिप्स:
•सब्जियों के लिए ऐसी मिट्टी चुनें जिसमें पानी जल्दी निकल जाए
•सुबह या शाम को ही पानी दें
•रोजाना 5-6 घंटे की धूप जरूरी है
•गोबर की खाद या वर्मीकम्पोस्ट का इस्तेमाल करें
•समय-समय पर निराई-गुड़ाई करते रहें