राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन (दालें) योजना के तहत हरियाणा सरकार राज्य के सभी जिलों में किसानों को चना (Chickpea) और मसूर (Lentil) की खेती के लिए विशेष सब्सिडी प्रदान करेगी। इस सब्सिडी का लाभ प्रदर्शन प्लॉट तैयार करने, प्रमाणित बीज वितरण तथा पौध एवं मृदा संरक्षण प्रबंधन पर दिया जाएगा।

कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, हरियाणा के प्रवक्ता ने जानकारी दी कि इच्छुक किसान विभाग की वेबसाइट https://agriharyana.gov.in/ पर जाकर निर्धारित समय के भीतर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की प्रक्रिया फसल बोआई के समय और क्रॉप कैलेंडर के अनुसार निर्धारित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि किसानों को आधुनिक तकनीकों के आधार पर चना और मसूर की पैदावार बढ़ाने के उद्देश्य से यह योजना लागू की गई है। इससे न केवल उत्पादकता बढ़ेगी बल्कि दाल उत्पादन में आत्मनिर्भरता की दिशा में भी बड़ा कदम होगा।

अधिक जानकारी के लिए किसान अपने नज़दीकी कृषि विकास अधिकारी, ब्लॉक कृषि अधिकारी, उप–मंडल कृषि अधिकारी या उप–निदेशक कृषि के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।