छत्तीसगढ़ में 321 नए ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों की नियुक्ति का लंबित मामला अब सुलझ गया है। राज्य के वित्त विभाग ने इन पदों पर नियुक्ति की मंजूरी दे दी है, जिससे लंबे समय से इंतजार कर रहे उम्मीदवारों को राहत मिली है।
नियुक्ति प्रक्रिया
इस नियुक्ति को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और कृषि मंत्री राम विचार नेताम की पहल से जल्द निपटाया गया। इन पदों के लिए छत्तीसगढ़ व्यवसायिक परीक्षा मंडल (CG Vyapam) ने 4 फरवरी 2024 को प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन किया था। मार्च में परिणाम घोषित होने के बाद से उम्मीदवार अपनी नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे थे। अब वित्त विभाग ने इस प्रक्रिया को अंतिम रूप दे दिया है।
दस्तावेज सत्यापन
दस्तावेज सत्यापन 30 सितंबर से 10 अक्टूबर 2024 तक किया जाएगा। यह सत्यापन इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर, लाभांडी, रायपुर में स्थित राज्य कृषि प्रबंधन एवं विस्तार प्रशिक्षण संस्थान समिति में होगा।
सत्यापन कम्बाईंड रैंकिंग के आधार पर तय तिथियों में सुबह 10.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक होगा। अभ्यर्थियों को मूल प्रमाण पत्र और दो सेट स्वयं प्रमाणित छायाप्रति लेकर उपस्थित होना आवश्यक है।
सरकार का संदेश
राज्य सरकार का कहना है कि इन नियुक्तियों से ग्रामीण कृषि विस्तार कार्यों में तेजी आएगी और किसानों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।