पहली बार गोवा में होगी नीलामी एक ओर 16 दिसंबर को आईपीएल 2027 की संभावित मिनी नीलामी है, तो दूसरी तरफ उसी दिन बंगलूरू के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा वनडे मैच भी खेला जाना है। सीरीज का पहला मैच 13 दिसंबर को नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होना है। इसका मतलब यह भी है कि गोवा पहली बार आईपीएल नीलामी की मेजबानी करेगा।

सभी 10 टीमों ने कसी कमर इस मिनी नीलामी के जरिए सभी 10 फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स, गुजरात टाइटंस, कोलकाता नाइट राइडर्स, मुंबई इंडियंस, लखनऊ सुपर जायंट्स, पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद अपनी टीमों में मौजूद कमियों को दूर कर सकेंगी। यह प्रक्रिया नवंबर के मध्य में रिटेंशन और रिलीज की विंडो बंद होने के बाद होगी।

नवंबर के मध्य में, सभी 10 फ्रेंचाइजी को नीलामी से पहले बीसीसीआई को उन खिलाड़ियों की अंतिम सूची सौंपनी होगी जिन्हें वे रिटेन कर रही हैं या रिलीज कर रही हैं। इसके बाद, बोर्ड उन खिलाड़ियों की सूची तैयार करेगा जिनकी नीलामी की जाएगी।